
रायगढ़, छत्तीसगढ़: एक युवती से छेड़खानी करने और बाद में उसकी तस्वीर मोबाइल स्टेटस पर लगाकर बदनाम करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान अजीत मालाकार (24) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से ग्राम सेमरा, पुसौर का रहने वाला है और वर्तमान में चांदमारी इलाके में रह रहा था।
दो साल पुरानी जान-पहचान के बाद युवती ने बना ली थी दूरी
पुलिस के मुताबिक, 20 वर्षीय युवती ने 27 नवंबर को महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि करीब दो साल पहले उसकी पहचान अजीत मालाकार से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होती थी, लेकिन जब इस बात की जानकारी परिवार वालों को हुई तो युवती ने उससे दूरी बना ली।
इसके बाद भी आरोपी लगातार फोन करके युवती को परेशान करता रहा। पीड़िता का आरोप है कि 4 नवंबर की सुबह करीब 11 बजे आरोपी उसके घर पहुंच गया। वहां बातचीत करने से इनकार करने पर उसने युवती को बदनाम करने की धमकी दी और गलत नीयत से उसका हाथ व बांह पकड़कर छेड़खानी की।
तस्वीर स्टेटस पर लगाकर बदनाम करने की कोशिश
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने यहीं तक मामला नहीं रोका। उसने युवती की तस्वीर अपने मोबाइल के स्टेटस पर लगा दी, जिससे उसे बदनाम करने की कोशिश की गई। इस घटना के बाद युवती ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने घर पर दबिश देकर आरोपी को पकड़ा
शिकायत के आधार पर महिला थाना रायगढ़ में भारतीय न्याय संहिता की धारा 78(1)(ii) और 74 के तहत मामला दर्ज किया गया। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम भेजी। पुलिस ने उसके घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक परमेश्वर गुप्ता, संदीप भगत, प्रमिला महंत और महिला थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।
Satya Report Disclaimer: यह खबर पुलिस में दर्ज शिकायत और उपलब्ध जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। मामले में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के अधीन है।

Leave a Reply