
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ से शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 15 वर्षीय छात्रा से स्कूल के एक टीचर द्वारा कथित तौर पर कई महीनों तक बार-बार रेप किया गया। जिसके बाद लड़की प्रेग्नेंट हो गई। आरोप है कि जबरन गर्भपात कराने की कोशिश के दौरान छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद शुक्रवार को विरोध-प्रदर्शन हुए। पुलिस ने मामले में छात्रा के शिक्षक खालिद हुसैन और उसके भाई तारिक को गिरफ्तार किया है। खालिद पर पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद उसे निलंबित भी कर दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने बताया कि शेख इंडरवाल के बुमालपोरा मिडिल स्कूल में शिक्षक ग्रेड-द्वितीय और प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात था। सूत्रों के मुताबिक, बृहस्पतिवार देर शाम गर्भपात के लिए जम्मू ले जाते समय लड़की की मौत हो गई। बाद में उसके और मृत जन्मे बच्चे के शव को उसके गांव ले जाया गया। घटना को लेकर शुक्रवार को चतरू और किश्तवाड़ के अन्य इलाकों में विरोध-प्रदर्शन हुए।
पोस्टमार्टम में करीब पांच महीने की गर्भावस्था का खुलासा
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, खालिद हुसैन किश्तवाड़ के छत्रू इलाके में बमलपोरा के एक सरकारी मिडिल स्कूल में तैनात था। आरोप है कि उसके छात्रा के साथ शारीरिक संबंध थे। पोस्टमार्टम में छात्रा के करीब पांच महीने की गर्भवती होने की पुष्टि हुई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
दवाइयों से गर्भपात की कोशिश का आरोप
पुलिस के मुताबिक, खालिद ने अपने भाई तारिक की मदद से छत्रू में कुछ दवाइयों के जरिए कथित तौर पर अवैध गर्भपात कराने की कोशिश की। इसके बाद छात्रा की हालत बिगड़ गई। उसे पहले जिला अस्पताल किश्तवाड़ ले जाया गया। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे विशेष इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज (GMC), जम्मू रेफर किया गया।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, जम्मू ले जाते समय एंबुलेंस में उसकी हालत और बिगड़ गई। किश्तवाड़ से 200 किलोमीटर से अधिक दूर डोडा के बाटोटे के पास गुरुवार देर रात उसकी मौत हो गई।
जांच के दायरे में कई लोग
छात्रा का शव वापस किश्तवाड़ अस्पताल लाया गया, जहां पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम में गर्भावस्था और कथित जबरन गर्भपात की कोशिश की पुष्टि हुई। पुलिस के मुताबिक, मामले में यह पता लगाया जा रहा है कि इस कथित अवैध कृत्य में और कौन-कौन लोग शामिल थे। जांच के दायरे में छात्रा के रिश्तेदार, संभावित मेडिकल प्रोफेशनल, गर्भपात की दवाइयां उपलब्ध कराने वाला फार्मेसी संचालक शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि फार्मेसी संचालक ने कथित तौर पर उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना गर्भपात की दवाइयां उपलब्ध कराईं।
छात्रा की मौत के बाद किश्तवाड़ में विरोध
14 वर्षीय छात्रा की मौत के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। छत्रू में बंद रखा गया, जबकि किश्तवाड़ के अन्य हिस्सों में भी विरोध-प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने छात्रा के साथ कथित दुर्व्यवहार और उसकी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
भाजपा महिला मोर्चा की किश्तवाड़ इकाई के सदस्यों ने अधिकारियों से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की। इसके कुछ घंटे बाद शिक्षक खालिद हुसैन को निलंबित कर दिया गया।

Leave a Reply