घरेलू विवाद का खौफनाक अंत, पति ने तवे से हमला कर पत्नी को उतारा मौत के घाट..

घरेलू विवाद का खौफनाक अंत, पति ने तवे से हमला कर पत्नी को उतारा मौत के घाट..
घरेलू विवाद का खौफनाक अंत, पति ने तवे से हमला कर पत्नी को उतारा मौत के घाट..

राजधानी दिल्ली के नजफगढ़ इलाके से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है. पारिवारिक विवाद ने ऐसा हिंसक रूप ले लिया कि एक महिला की जान चली गई. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति ने कथित तौर पर घर में रखे तवे से हमला कर अपनी पत्नी की हत्या कर दी. घटना के बाद वह खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

घरेलू विवाद के बाद हुई वारदात

पुलिस के अनुसार, यह घटना बाबा हरिदास नगर थाना क्षेत्र के गोपाल नगर इलाके की है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि शनिवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और आरोपी ने कथित तौर पर गुस्से में आकर रसोई में रखे तवे से पत्नी के सिर पर कई वार कर दिए. गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई.

सुबह खुद थाने पहुंचा आरोपी

घटना के बाद आरोपी पति दिनेश पटेल रविवार सुबह सीधे बाबा हरिदास नगर थाने पहुंचा. वहां उसने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों को पूरी घटना की जानकारी दी और बताया कि रात में हुए झगड़े के दौरान उसने अपनी पत्नी सरिता पर हमला किया था. आरोपी की सूचना के बाद पुलिस तुरंत उसके घर पहुंची, जहां महिला मृत अवस्था में मिली.

मानसिक बीमारी और नौकरी छूटने से बढ़ा था तनाव

पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दिनेश पटेल पिछले दो से तीन वर्षों से सिजोफ्रेनिया जैसी मानसिक बीमारी से पीड़ित था और उसका इलाज दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में चल रहा था. इसके अलावा करीब दो महीने पहले उसकी आईटी कंपनी की नौकरी भी चली गई थी. जांच में यह भी सामने आया है कि नौकरी छूटने और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण परिवार में लंबे समय से तनाव का माहौल बना हुआ था और अक्सर पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था.

20 साल पुराना था वैवाहिक रिश्ता

पुलिस के मुताबिक, दिनेश और सरिता की शादी वर्ष 2005 में हुई थी. दंपति के दो बेटे हैं. बड़ा बेटा इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा है, जबकि छोटा बेटा पांचवीं कक्षा का छात्र है. सरिता का मायका भी गोपाल नगर इलाके में ही है. घटना के बाद परिवार और आसपास के लोगों में शोक का माहौल है.

जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और क्राइम टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आरोपी दिनेश पटेल को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *