
क्या आप भी दिल को सेहतमंद रखने और ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखने के लिए मखाने का सेवन करते हैं? भारतीय घरों में स्नैक्स के तौर पर खाया जाने वाला मखाना (Fox Nuts) न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि इसमें मौजूद पोटैशियम, मैग्नीशियम और एंटी-ऑक्सीडेंट्स इसे सेहत के लिए काफी खास बनाते हैं। अक्सर माना जाता है कि मखाना वजन घटाने से लेकर हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में अहम भूमिका निभा सकता है। लेकिन क्या सच में यह दिल की बीमारियों के जोखिम को कम करने में असरदार है और हेल्थ एक्सपर्ट्स इसे रोजाना खाने को लेकर क्या राय देते हैं?
एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ बिमल झांजेर के मुताबिक मखाने को संतुलित डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है और खासकर हार्ट हेल्थ, वजन मैनेजमेंट और बेहतर पोषण के लिए इसका सेवन उपयोगी हो सकता है। मखाना को एक पौष्टिक स्नैक्स के तौर पर रोज खाया जा सकता है। इसमें फाइबर, प्रोटीन और कई तरह के मिनरल्स पाए जाते हैं जो बॉडी को हेल्दी रखने में मदद करते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते है्ं कि दिल के लिए क्यों फायदेमंद है मखाना, और ये बीपी को कैसे रखता है नॉर्मल। रोजाना मखाना का सेवन कैसे सेहत को फायदा पहुंचाता है, जानिए।
दिल की सेहत के लिए कैसे फायदेमंद है मखाना?
डॉ. बिमल छाजेड़ के अनुसार मखाने में मौजूद पोषक तत्व दिल की कार्यप्रणाली को सुचारू रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसमें मौजूद पोटैशियम और मैग्नीशियम की अधिक मात्रा दिल की मांसपेशियों को हेल्दी रखने और ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाने में बेहद असरदार साबित होती है। इसमें सोडियम की बहुत कम मात्रा होती है जो दिल के मरीजों के लिए इसे एक सुरक्षित स्नैक का विकल्प बनाती है। मखाने में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट्स शरीर में फ्री-रेडिकल्स से होने वाले ऑक्सीडेटिव तनाव (Oxidative Stress) को कम करने में मदद करते हैं, जिससे दिल की बीमारियों का जोखिम कम होता है। मखाने में फाइबर और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। डाइट में पर्याप्त फाइबर लेने से कोलेस्ट्रॉल और एलडीएल जैसे कुछ हार्ट रिस्क फैक्टर्स को मैनेज करने में मदद मिल सकती है।
पाचन को दुरुस्त करता है मखाना
मखाने में फाइबर भरपूर पाया जाता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद कर सकता है। फाइबर युक्त खाद्य पदार्थों को डाइट में शामिल करने से कुल कैलोरी सेवन को मैनेज करने में मदद मिल सकती है। इसका सेवन करने से वेट लॉस जर्नी आसान होती है। वेट लॉस करने के लिए भुना हुआ मखाना एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।
क्या मखाना वजन कम करने में मदद करता है?
मखाना अपने आप वजन कम नहीं करता, लेकिन इसे ज्यादा कैलोरी वाले स्नैक्स की जगह सीमित मात्रा में लिया जाए तो कुल कैलोरी सेवन को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है। डॉक्टर के मुताबिक, मखाना खाने से पेट जल्दी भरने का एहसास हो सकता है। इसमें प्रोटीन भी होता है जो वेट लॉस करने में मददगार साबित होता है।
एंटीऑक्सीडेंट्स से भी मिल सकता है फायदा
मखाने में कुछ ऐसे बायोएक्टिव कंपाउंड और एंटीऑक्सीडेंट यौगिक पाए जाते हैं, जो शरीर में बनने वाले फ्री रेडिकल्स से होने वाले ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने में भूमिका निभा सकते हैं। शरीर में फ्री रेडिकल्स की मात्रा बढ़ने पर कोशिकाओं को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव डैमेज से बचाने में मदद करते हैं। मखाना का सेवन कैंसर, हार्ट डिजीज या बढ़ती उम्र से जुड़ी बीमारियों से बचाव करने में मददगार साबित होता है।
डायबिटीज में मखाना खाना कितना सही?
मखाने में कार्बोहाइड्रेट होते हैं, इसलिए डायबिटीज के मरीजों को इसकी मात्रा का ध्यान रखना चाहिए। बिना चीनी और कम नमक में भुना हुआ मखाना तले हुए या मीठे स्नैक्स की तुलना में एक बेहतर विकल्प हो सकता है। डायबिटीज मरीज सीमित मात्रा में मखाना का सेवन करें तो पेट लम्बे समय तक भरा रहेगा और खाने के बाद ब्लड शुगर बढ़ने का भी खतरा नहीं रहेगा।
हाई ब्लड प्रेशर में मखाना कैसे खाएं?
मखाने में पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स पाए जाते हैं, जो शरीर में बीपी को नॉर्मल रखने में अहम किरदार निभाते हैं। हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों को मखाने में अतिरिक्त नमक डालने से बचना चाहिए। ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए रोजाना बीपी की दवा लेना,कम सोडियम वाली डाइट और नियमित शारीरिक गतिविधि बेहद जरूरी है।
मखाना कैसे खाना ज्यादा बेहतर है?
मखाने को भूनकर और बिना ज्यादा नमक या तेल के खाना बेहतर विकल्प हो सकता है। इसे शाम के स्नैक के तौर पर लिया जा सकता है। अगर स्वाद के लिए नमक डाल रहे हैं तो इसकी मात्रा कम रखें, खासकर हाई ब्लड प्रेशर वाले लोग। मखाने को घी, मक्खन, चीनी या ज्यादा नमक के साथ लेने से इसका कैलोरी और सोडियम कंटेंट बढ़ सकता है।
डिस्क्लेमर: मखाने में मौजूद पोषक तत्व और एंटीऑक्सीडेंट हेल्थ के लिए उपयोगी हो सकते हैं, लेकिन यह किसी बीमारी का इलाज या रोकथाम का विकल्प नहीं हैं। हार्ट डिजीज, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर या अन्य स्वास्थ्य समस्या होने पर मखाने का सेवन अपनी व्यक्तिगत जरूरत और डॉक्टर की सलाह के अनुसार करें।

Leave a Reply