
भागदौड़ भरी जिंदगी, जंक फूड का सेवन, कम पानी पीना और शारीरिक निष्क्रियता के कारण आजकल कब्ज (Constipation) और अपच की समस्या बेहद आम हो चुकी है। पेट साफ न होने पर दिनभर भारीपन, ब्लोटिंग, सुस्ती और मिजाज़ में चिड़चिड़ापन बना रहता है। पाचन तंत्र को दुरुस्त करने और पुरानी कब्ज से राहत पाने के लिए आजकल चिया सीड्स (Chia Seeds) का इस्तेमाल काफी लोकप्रिय हो रहा है। फाइबर, ओमेगा-3 फैटी एसिड और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर इन छोटे-छोटे बीजों को सुपरफूड माना जाता है। जब चिया सीड्स को पानी में भिगोया जाता है, तो यह एक जेल जैसा रूप ले लेते हैं, जो आंतों की सफाई करने और मल को नरम बनाकर आसानी से बाहर निकालने में मदद करता है।
होम्योपैथी डॉक्टर Dr. Kanika Singh ने बताया चिया सीड्स छोटे काले और सफेद रंग के ऐसे बीज होते हैं, जिन्हें सुपरफूड माना जाता है। ये सीड्स सेहत के लिए एक ‘कम्प्लीट सुपरफूड हैं। इन सीड्स का सेवन वजन घटाने से लेकर दिल और हड्डियों की सेहत तक के लिए फायदेमंद माना जाता है। एक्सपर्ट के मुताबिक चिया सीड्स का फायदा तभी मिलता है जब इसे सही तरीके और सही मात्रा में खाया जाए। सूखे चिया सीड्स खाना या बिना पर्याप्त पानी पिए इसका अत्यधिक सेवन करना आंतों में रुकावट और पेट दर्द जैसी गंभीर समस्याएं पैदा कर सकता है। आइए एक्सपर्ट्स से जानते हैं कि कब्ज से राहत पाने के लिए चिया सीड्स को कैसे भिगोकर खाएं, इसे कब लेना सबसे ज्यादा फायदेमंद होता है और एक दिन में कितनी मात्रा में इसका सेवन सुरक्षित है।
चिया सीड्स कब्ज में कैसे करते हैं मदद?
चिया सीड्स फाइबर से भरपूर होते हैं। जब इन्हें पर्याप्त पानी के साथ लिया जाता है, तो ये पानी सोखकर मल को नरम करने में मदद कर सकते हैं। इससे मल त्याग आसान हो सकता है और बाउल मूवमेंट दुरुस्त रहती है। कब्ज की समस्या होने पर पेट फूलना, भारीपन और मल त्याग में परेशानी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। ऐसे में चिया सीड्स को नेचुरल उपाय के तौर पर डाइट में शामिल करना असरदार साबित हो सकता हैं। चिया सीड्स में मौजूद फाइबर और पानी का कॉम्बिनेशन कुछ लोगों में मल को नरम करने और नियमित बाउल मूवमेंट को दुरुस्त करने में मदद कर सकता है। हालांकि, इसके साथ पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है।
कितनी मात्रा में खाएं चिया सीड्स?
कब्ज की समस्या में शुरुआत में रोजाना 1 से 2 बड़े चम्मच चिया सीड्स का सेवन करें। अगर शरीर इसे अच्छी तरह सहन करे तो धीरे-धीरे मात्रा बढ़ाई जा सकती है। चिया सीड्स लेते समय पर्याप्त पानी पीना बेहद जरूरी है, क्योंकि फाइबर को ठीक तरह से काम करने के लिए शरीर में पर्याप्त पानी होना चाहिए।
चिया सीड्स खाने का सही तरीका क्या है?
चिया सीड्स को खाने से पहले भिगोना बेहतर माना जाता है। इन्हें दही, स्मूदी में रातभर भिगोकर किया जा सकता है। सूखे चिया सीड्स को एक साथ बड़ी मात्रा में खाने से बचना चाहिए।
गलत तरीके से खाने पर बढ़ सकती है परेशानी
अगर आप चिया सीड्स खाने के साथ पर्याप्त पानी नहीं पीते हैं या अचानक बहुत ज्यादा फाइबर लेना शुरू कर देते हैं, तो पेट फूलना, गैस और असहजता जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए डाइट में चिया सीड्स की मात्रा धीरे-धीरे बढ़ाना बेहतर है।
चिया सीड्स का सेवन करने से सेहत पर कैसा होता है असर
दिनभर एनर्जी रहती है बूस्ट
चिया सीड्स में फाइबर, प्रोटीन, हेल्दी फैट और कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा देने में मदद कर सकते हैं। इन्हें दही, ओट्स या स्मूदी में मिलाकर खाया जा सकता है। हालांकि, केवल चिया सीड्स खाने से कमजोरी या थकान दूर नहीं होती, इसके लिए संतुलित और पौष्टिक डाइट जरूरी है।
हार्ट हेल्थ के लिए फायदेमंद
चिया सीड्स में ओमेगा-3 फैटी एसिड और फाइबर जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो दिल की सेहत को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकते हैं। इनका नियमित सेवन कोलेस्ट्रॉल के स्तर को संतुलित रखने में सहायक हो सकता है। इसके अलावा, चिया सीड्स में मौजूद पोषक तत्व ब्लड प्रेशर को मैनेज करने में भी असरदार साबित हो सकता है।
हड्डियों के लिए जरूरी पोषक तत्व
चिया सीड्स कैल्शियम, मैग्नीशियम और फॉस्फोरस जैसे जरूरी मिनरल्स का अच्छा स्रोत हैं। ये पोषक तत्व हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खासतौर पर जो लोग डेयरी उत्पादों का सेवन कम करते हैं, उनके लिए चिया सीड्स डाइट में इन मिनरल्स को शामिल करने का एक विकल्प हो सकते हैं।
स्किन और बालों की सेहत के लिए उपयोगी
चिया सीड्स में एंटीऑक्सीडेंट्स के साथ ओमेगा-3 फैटी एसिड और प्रोटीन भी मौजूद होते हैं। एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाव में मदद करते हैं, जबकि प्रोटीन बालों की संरचना के लिए जरूरी पोषक तत्व है। संतुलित डाइट के हिस्से के तौर पर इनका सेवन त्वचा और बालों की ओवरऑल हेल्थ को सपोर्ट कर सकता है।
ब्लड शुगर मैनेजमेंट में मददगार
चिया सीड्स में मौजूद फाइबर भोजन के बाद ब्लड शुगर तेजी से बढ़ने से रोकने में मदद कर सकता है। यही वजह है कि इन्हें डायबिटीज मैनेजमेंट वाली डाइट में इन्हें शामिल किया जा सकता है। हालांकि, चिया सीड्स डायबिटीज की दवा या इलाज का विकल्प नहीं हैं। डायबिटीज मरीजों को इनका सेवन अपनी डाइट और डॉक्टर की सलाह के अनुसार करना चाहिए।
डिस्क्लेमर: चिया सीड्स के ये फायदे सामान्य स्वास्थ्य जानकारी पर आधारित हैं। किसी बीमारी के इलाज के लिए इन्हें दवा का विकल्प न मानें। किसी विशेष स्वास्थ्य समस्या या नियमित दवाओं के सेवन की स्थिति में डॉक्टर की सलाह लें।

Leave a Reply