पड़ोसियों के घरों को लॉक किया, फिर 70 साल की महिला के घर में लूटपाट, हत्‍या..

पड़ोसियों के घरों को लॉक किया, फिर 70 साल की महिला के घर में लूटपाट, हत्‍या..

दिल्‍ली के जंगपुरा इलाके में एक बुजुर्ग महिला की उनके घर में घुसकर हत्‍या कर दी गई. दिल्‍ली पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है. (फाइल फोटो)

Delhi Crime News: राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके जंगपुरा के पंतनगर में सीनियर सिटीजन महिला की लूटपाट के बाद हुई हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया है. मृतक महिला की पहचान प्रीति कुमार के रूप में हुई है, जिनकी उम्र 70 साल बताई जा रही है. वे अकेले अपने घर पर रह रही थीं. सुबह जब उनकी बेटी घर पर पहुंचीं तो देखा कि घर का दरवाजा खुला हुआ है और वह अंदर लहू लुहान हालत में पड़ी हुई हैं. घर से सामान भी गायब थे फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है, ताकि अपराधियों का पता लगाया जा सके.

वहीं, इस घटना के बाद सुबह मौके पर पहुंचीं मृतका कि बेटी विजेता अरोड़ा बताती हैं कि सुबह जब वह अपनी मां से मिलने के लिए पंतनगर स्थित घर पहुंचीं तो जो उन्होंने देखा उससे उनके होश उड़ गए. उन्होंने देखा कि मां का पीछे से हाथ बंधा हुआ है और वे बिस्तर पर लहू लुहान पड़ी हुई हैं. घर में सारा सामान बिखरा हुआ था. घर में रखा ज्वेलरी भी गायब था. विजेता बताती हैं कि मेरी मां यहां अकेले रहती थीं. हम लोग मां से मिलने के लिए कभी-कभी यहां आते रहते थे. मेरी मां ने आरोपियों से लड़ने का पूरा प्रयास किया होगा. विजेता ने आगे कहा कि उन्‍हें पूरा विश्वास है कि आरोपी ने उनकी मां का हाथ बांधकर उनका गला दबाकर उन्हें मार दिया है. उसके बाद लूटपाट की वारदात को अंजाम देकर यहां से फरार हो गए. विजेता ने बताया कि उनकी मां की उम्र 70 साल थी.

1985 से इसी घर में रह रही थीं बुजुर्ग महिला

मृतक बुजुर्ग की बेटी विजेता ने बताया कि 1985 से उनकी मां यहां पर अकेले ही रह रही थीं. वे बताती हैं कि जब वे लोग छोटे-छोटे थे तब उनके पिताजी का देहांत हो गया था. उसके बाद उनकी मां ने ही यहां अकेले रहकर उनका पालन-पोषण किया. पढ़ा-लिखा कर शादी कर दी. इसके बाद भी वह यहां अकेले ही रहा करती थीं. वहीं, आसपास के लोगों ने बताया कि अपराधियों ने इस अपराध को अंजाम देने से पहले आसपास के कई मकान का गेट बाहर से बंद कर दिया था. उसके बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया. इस घटना के बाद से पास-पड़ोस के लोग बेहद डरे हुए हैं.

CCTV कैमरों को खंगाल रही पुलिस

बेटियों की शादी के बाद बुजुर्ग महिला अकेले रह रही थीं. घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है. आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है. पुलिस लूटपाट और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. फिलहाल घटना को लेकर इलाके में सनसनी फैली हुई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वारदात से जुड़े सुराग तलाशे जा रहे हैं. जंगपुरा जैसे पॉश इलाके में एक बुजुर्ग महिला की हत्या के बाद सीनियर सिटीजन की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. मृतका के दामाद दीपक ने बताया कि सीनियर सिटीजन की सुरक्षा के लिए सरकार को कुछ करना चाहिए. प्रीति कुमार ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा इसी घर में बिताया था. पति की मौत के बाद उन्होंने अकेले अपनी दोनों बेटियों को पाला और उनकी शादी की.

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *