40 साल तक बदलता रहा ठिकाने, 68 की उम्र में चढ़ा हत्थे… 1985 के मर्डर केस में फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा..

40 साल तक बदलता रहा ठिकाने, 68 की उम्र में चढ़ा हत्थे… 1985 के मर्डर केस में फरार आरोपी को पुलिस ने दबोचा..

मुंबई के साकीनाका पुलिस स्टेशन की टीम ने 1985 के हत्या मामले में करीब चार दशकों से फरार चल रहे 68 वर्षीय आरोपी सुरेश चंदन अडागले को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी के खिलाफ सत्र न्यायालय ने स्थायी वारंट जारी किया था और पुलिस उसकी तलाश में लंबे समय से जुटी थी.

पुलिस ने आरोपी की तलाश में उसके पुराने ठिकानों और उपलब्ध रिकॉर्ड को खंगाला. सबसे पहले मुंबई के बोरीवली इलाके में उसकी तलाश की गई, लेकिन वहां उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद स्थानीय स्तर पर की गई पूछताछ से जानकारी मिली कि वह अहिल्यानगर जिले के श्रीगोंदा तालुका के सुरेगांव में मिल सकता है.

पुलिस टीम सुरेगांव पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी अपना ठिकाना बदल चुका था. जांच और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को उसके पुणे जिले के शिरूर तालुका स्थित रांजणगांव इलाके में होने का पता चला.

इसके बाद साकीनाका पुलिस की टीम रांजणगांव पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की. संकल्प सिटी स्थित एक इमारत से आरोपी को हिरासत में लिया गया. पुलिस ने 20 अगस्त 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी 1985 में दर्ज हत्या के मामले के बाद से लगातार कानून की पकड़ से बाहर था. करीब 40 वर्षों तक अलग-अलग ठिकानों पर रहने के बाद आखिरकार पुराने रिकॉर्ड, स्थानीय पूछताछ और तकनीकी जांच की मदद से पुलिस उस तक पहुंचने में सफल रही. अब 1985 के इस पुराने हत्या मामले में आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *