नवविवाहिता की ‘संदिग्ध’ परिस्थितियों में मौत:

नवविवाहिता की ‘संदिग्ध’ परिस्थितियों में मौत:
नवविवाहिता की ‘संदिग्ध’ परिस्थितियों में मौत:

धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान लगभग 25 वर्षीय काजल पाल के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज 6 महीने पहले हुई थी। ससुराल पक्ष का कहना है कि काजल अचानक गिर गई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं, बाद में मायके पक्ष को सूचना दी गई कि काजल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

इस घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट करने और हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि काजल का पति यशवंत धनकर आए दिन उसके साथ विवाद करता था और उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। यशवंत भखारा में फैंसी सामान का थोक कारोबार करता है।

मृतका के परिजनों के अनुसार, घटना से कुछ देर पहले ही काजल ने उनसे फोन पर बात की थी। इस दौरान उसने ससुराल में विवाद और मारपीट होने की जानकारी दी थी। परिजनों का आरोप है कि फोन पर बातचीत के कुछ ही देर बाद उन्हें काजल की मौत की खबर मिली। इसके बाद से ही मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

मामले में पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष के खिलाफ मारपीट और हत्या की शिकायत दर्ज कराई है।

पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों सहित संबंधित लोगों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

काजल पाल के शव का कुरूद अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और दोनों पक्षों के बयान दर्ज होने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस मामले में अब पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट अहम मानी जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि काजल ने आत्महत्या की थी या उसकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *