मारपीट का बदला ‘लेने’ तमंचा लेकर कॉलेज पहुंचा छात्र, क्लास में साथी पर चलाई गोली, प्रिंसिपल पर भी ताना हथियार’

मारपीट का बदला ‘लेने’ तमंचा लेकर कॉलेज पहुंचा छात्र, क्लास में साथी पर चलाई गोली, प्रिंसिपल पर भी ताना हथियार’
मारपीट का बदला ‘लेने’ तमंचा लेकर कॉलेज पहुंचा छात्र, क्लास में साथी पर चलाई गोली, प्रिंसिपल पर भी ताना हथियार’

तीन दिन पहले हुई मारपीट का बदला लेने के लिए 12वीं का एक छात्र बैग में बंदूक लेकर कॉलेज पहुंच गया। छात्र ने क्लासरूम में पढ़ाई कर रहे अपने साथी पर गोली चला दी। हालांकि गोली मिस हो गई और छात्र बाल-बाल बच गया। इसके बाद आरोपी ने दूसरी गोली जमीन पर चला दी और जान से मारने की धमकी दी। इस घटना से कॉलेज में अफरातफरी मच गई। मामला उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर की है।

जानसठ रोड स्थित कुन्द-कुन्द जैन इंटर कॉलेज में गुरुवार को क्लास चल रही थीं। इसी दौरान 12वीं का छात्र बैग लेकर कॉलेज पहुंचा। गेट पर गार्ड ने उसे देर से आने का कारण पूछा तो उसने चोट लगने की बात कही। इसके बाद गार्ड ने उसे अंदर जाने दिया।

क्लासरूम में पहुंचते ही छात्र ने अपने बैग से तमंचा निकाला और वहां मौजूद एक साथी छात्र पर फायर कर दिया। गोली निशाने पर नहीं लगी। इसके बाद आरोपी ने जमीन पर दूसरी गोली चलाई और कथित तौर पर साथी छात्र को धमकी दी कि वह चाहे तो उसे गोली मार सकता है।

गोली चलते ही क्लास में मची अफरातफरी

गोली की आवाज सुनते ही क्लासरूम में अफरातफरी मच गई। छात्र बाहर निकलकर भागने लगे और शोर मचाने लगे। आवाज सुनकर प्रधानाचार्य अनुराग जैन मौके पर पहुंचे और आरोपी छात्र को पकड़ने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान छात्र ने प्रधानाचार्य के सीने पर भी तमंचा तान दिया और गोली मारने की धमकी दी।

इधर, कॉलेज के गेट पर मौजूद गार्ड ने गोली चलने की आवाज सुनकर गेट बंद कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी छात्र को तमंचे समेत पकड़ लिया। पुलिस ने उस छात्र को भी हिरासत में लिया, जिस पर आरोपी ने गोली चलाई थी।

तीन दिन पहले हुई थी मारपीट

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीन दिन पहले आरोपी छात्र के साथ दूसरे छात्र के गुट ने मारपीट की थी। इस घटना में वह घायल हो गया था। बताया गया है कि मामले को लेकर पुलिस चौकी में तहरीर भी दी गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार, इसी घटना का बदला लेने के लिए आरोपी छात्र तमंचा लेकर कॉलेज पहुंचा था। प्रधानाचार्य अनुराग जैन की ओर से आरोपी छात्र के खिलाफ कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज करायी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी छात्र शेखपुरा का रहने वाला है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की गई है। पुलिस ने उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद किया है। वहीं, दूसरे छात्र से पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *