
आज के डिजिटल युग में जहां हम अपनी सुरक्षा के लिए बायोमेट्रिक्स और फिंगरप्रिंट लॉक पर सबसे ज्यादा भरोसा करते हैं, वहीं एक ताजा चेतावनी ने स्मार्टफोन यूजर्स की नींद उड़ा दी है. साइबर सिक्युरिटी एक्सपर्ट्स ने आगाह किया है कि सोशल मीडिया पर ‘V’ साइन (तर्जनी और मध्यमा उंगली को बाहर की ओर फैलाकर) दिखाते हुए सेल्फी पोस्ट करना आपके लिए भारी मुसीबत बन सकता है. आधुनिक हाई-डेफिनिशन कैमरों और उन्नत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सॉफ्टवेयर के आने से अब यह तकनीकी रूप से संभव हो गया है कि आपकी तस्वीरों से आपके फिंगरप्रिंट की विस्तृत जानकारी चुराई जा सके और इसका उपयोग आपके बायोमेट्रिक सुरक्षा सिस्टम को भेदने के लिए किया जा सके. साथ ही उंगलियों के निशान से साइबर अपराधी बैंक खाता भी खाली कर सकते हैं.
चीनी सिक्युरिटी एक्सपर्ट ली चांग ने हाल ही में एक रियलिटी शो के दौरान एक मशहूर हस्ती की सेल्फी का उदाहरण देते हुए यह दिखाया कि ‘V’ पोज वाली फोटो में उंगलियां कितनी स्पष्ट दिखाई देती हैं. चांग के विश्लेषण के अनुसार, यदि तस्वीर 1.5 मीटर से कम की दूरी से ली गई है और उंगलियां सीधे कैमरे के सामने हैं, तो फिंगरप्रिंट की जानकारी पूरी तरह से निकाली जा सकती है. सेल्फी के मामले में यह दूरी और भी कम होती है, जो इसे विशेष रूप से खतरनाक बनाती है. हैरान करने वाली बात यह है कि 3 मीटर तक की दूरी से ली गई तस्वीरों से भी लगभग आधे फिंगरप्रिंट डेटा को आसानी से निकाला जा सकता है. इस खतरे को और भी अधिक वास्तविक बनाता है आधुनिक AI तकनीक का विकास.
एक टीवी शो में ली चांग ने दर्शकों को तब चौंका दिया, जब उन्होंने फोटो एडिटिंग सॉफ्टवेयर और AI की मदद से उन फिंगरप्रिंट्स को बहुत करीब से साफ-साफ दिखाया, जो खुली आंखों से देखने पर धुंधले नजर आ रहे थे. ‘चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज’ के क्रिप्टोग्राफी प्रोफेसर जिंग जिउ ने भी इस बात की पुष्टि की है कि हाई-डेफिनिशन कैमरों की मदद से केवल ‘V’ पोज का उपयोग करके हाथ की जानकारी निकाली जा सकती है और उसके फिंगरप्रिंट्स भी बनाए जा सकते हैं. हालांकि, इस खबर के वायरल होने के बाद कुछ एक्सपर्ट्स ने स्पष्ट किया है कि फिंगरप्रिंट चोरी करना और उसका गलत इस्तेमाल करना इतना आसान भी नहीं है.
आसान नहीं है फिंगरप्रिंट्स कॉपी करना
उन्होंने कहा कि किसी के बायोमेट्रिक्स को सफलतापूर्वक कॉपी करने के लिए रोशनी की स्थिति, कैमरे का फोकस और इमेज की स्पष्टता जैसे कई कारक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. साथ ही, पहचान चुराने वालों को सटीक मिलान के लिए एक ही व्यक्ति की कई अलग-अलग तस्वीरों की जरूरत पड़ सकती है. फिर भी, तकनीक जिस रफ्तार से आगे बढ़ रही है, उसे देखते हुए सुरक्षा विशेषज्ञ इसे एक उभरते हुए और गंभीर खतरे के रूप में देख रहे हैं. ऐसे में यदि आप अपनी बायोमेट्रिक सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं, लेकिन सेल्फी में ‘V’ साइन बनाने की अपनी आदत को भी नहीं छोड़ पा रहे हैं, तो विशेषज्ञ ली चांग ने इसके लिए कुछ आसान उपाय सुझाए हैं.
कैसे बचें ठगी से?
उनका सुझाव है कि सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें पोस्ट करने से पहले डिजिटल एडिटिंग टूल्स का उपयोग करके अपनी उंगलियों के पोरों को ‘ब्लर’ (धुंधला) कर दें या अपने फिंगरप्रिंट के निशानों को स्मूथ (सपाट) कर दें. सुरक्षा के लिहाज से यह एक छोटी सी सावधानी आपके डिजिटल डेटा और वित्तीय खातों को सुरक्षित रखने में बड़ी भूमिका निभा सकती है. विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में जैसे-जैसे कैमरे और अधिक शक्तिशाली होंगे, हमें अपनी ऑनलाइन प्राइवेसी को लेकर और भी अधिक जागरूक होना होगा. हालांकि, इस तरह की ठगी से बचने का सबसे बेहतर उपाय है कि वी सेप में उंगलियों के साथ फोटो ही न शेयर करें.

Leave a Reply