
आप डाइटिंग करते हैं, वॉक करते हैं और खाना भी सोच समझकर खाते हैं लेकिन फिर भी पेट अंदर नहीं जा रहा तो इसकी वजह कैलरी नहीं है। सिर्फ कैलोरी कम करने से हर व्यक्ति में पेट की चर्बी कम हो, यह जरूरी नहीं है। आपकी बॉडी में फैट बढ़ाने के लिए एक हॉर्मोन जिम्मेदार है जिसे कॉर्टिसोल हॉर्मोन कहते है। ये तनाव का हॉर्मोन है जो हमारे बिस्तर से उठते ही थोड़ा सा बढ़ने लगता है,जिससे जागने और दिन की शुरुआत में सतर्कता बनाए रखने में मदद मिलती है। नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित रिसर्च के मुताबिक सुबह जागने के 30 से 45 मिनट के बाद कॉर्टिसोल हॉर्मोन नेचुरली पीक पर होता है। अगर आपके दिन की शुरुआत सुबह जल्दबाजी में शुरू होती है, या आप उठते ही फोन देखते हो, काम की बहुत टेंशन होती है या फिर जल्दी-जल्दी चाय नाश्ता करके ऑफिस भागते हैं तो बॉडी में बार बार सिग्नल जाता है कि कुछ परेशानी हो रही है।
जब बॉडी में एलर्टनेस का सिग्नल जाता है तो हमारी बॉडी डिफेंसिव मूड में आ जाती है और कॉर्टिसोल हॉर्मोन को रिलीज करती है। इस तरह के तनाव में बॉडी फैट को स्टोर करना शुरु कर देती है। इस तनाव से एलर्ट होकर या उसे खतरा मानकर हमारी बॉडी एनर्जी को जगह-जगह स्टोर करना शुरु कर देती है। सबसे ज्यादा ये एनर्जी हमारे पेट में स्टोर होती है जो फैट के रूप में दिखता है। आयुर्वेदिक और यूनानी दवाओं के एक्सपर्ट डॉक्टर सलीम जैदी ने बताया आप कितनी ही डाइट कंट्रोल कर लें कितना ही वर्कआउट कर लें जब तक आप सुबह के तनाव को कंट्रोल नहीं करेंगे तब तक आप अपना वेट लूज नहीं कर सकते। जापानी लोग इस तनाव को कंट्रोल करने के लिए सुबह-सुबह कुछ आदतों को अपनाते हैं। जापानी लोग मोटे नहीं होते जिसके लिए वो किसी भी तरह की कोई कठिन डाइट या भारी-भरकम वर्कआउट नहीं करते। कुछ साधारण और अनुशासित आदतें आपका वजन घटाने में और पेट की चर्बी घटाने में और मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करने में मदद करती हैं।
सुबह उठते ही फोन से दूरी बनाएं
सुबह उठते ही मोबाइल फोन पर नोटिफिकेशन, ईमेल या काम से जुड़ी जानकारी देखने के बजाय कुछ समय शांत रहने की आदत अपनाएं। ये आदत आपको तनाव से दूर रखने में मदद करेगी। कुछ मिनट खुद पर ध्यान देने, शांत बैठने या दिन की योजना आराम से बनाने से सुबह की शुरुआत कम तनावपूर्ण हो सकती है। यह आदत सीधे पेट की चर्बी कम नहीं करती, लेकिन तनाव कंट्रोल कर और बेहतर दिनचर्या का हिस्सा बन सकती है।
सुबह उठकर गुनगुना पानी पिएं
सुबह उठने के बाद गुनगुना पानी ना सिर्फ बॉडी को हाइड्रेट करता है बल्कि बॉडी को हेल्दी रखने में भी मदद करता है। रातभर सोने के दौरान शरीर से कुछ मात्रा में पानी कम हो सकता है, इसलिए दिन की शुरुआत पानी से करना उपयोगी हो सकता है। सुबह गुनगुना पानी सामान्य पानी की तुलना में पेट की चर्बी अधिक तेजी से कम करता है। पानी पीने के बाद आप अपनी पसंद के मुताबिक चाय या कॉफी ले सकते हैं।
सुबह कुछ देर सूरज की रोशनी में रहें
सुबह सूरज की रोशनी में कुछ देर रहना आपकी सेहत के लिए बेहद जरूरी है। प्राकृतिक रोशनी में कुछ समय बिताना शरीर की सर्केडियन रिदम यानी आंतरिक बॉडी क्लॉक को नियमित रखने में मदद कर सकता है। सुबह की रोशनी शरीर के नींद-जागने के चक्र को प्रभावित करती है और रात में नींद आने के समय को कंट्रोल करने में मदद कर सकती है। अच्छी नींद वजन कंट्रोल करने और ओवरऑल हेल्थ में सुधार करने में बेहद असरदार है। धूप लेते समय बहुत तेज धूप में लंबे समय तक सीधे देखने से बचना चाहिए।
डायफ्रामेटिक ब्रीदिंग है जरूरी
सुबह कुछ मिनट धीमी और गहरी सांस लेने की प्रैक्टिस की जा सकती है। डायफ्रामेटिक ब्रीदिंग में सांस लेते समय पेट का हिस्सा अधिक ऊपर-नीचे होता है, जबकि सांस अपेक्षाकृत धीमी और सहज रखी जाती है। इस तरह की ब्रीदिंग रिलैक्सेशन और तनाव कम करने में मदद कर सकती है। कुछ मिनट गहरी सांस लेने से कॉर्टिसोल 30 से 65 प्रतिशत तक कम हो सकता है और बॉडी हेल्दी रह सकती है।
सुबह हल्की वॉक है जरूरी
जापानी लोग हर दिन सुबह वॉक करते हैं, सुबह 20 से 25 मिनट हल्की या मध्यम गति से पैदल चलना दिन की शारीरिक गतिविधि बढ़ाने का आसान तरीका है। नियमित वॉक कैलोरी खर्च बढ़ाने, फिटनेस बेहतर करने और वजन कंट्रोल करने में मदद कर सकती है। पेट की चर्बी कम करने के लिए केवल सुबह की वॉक ही पर्याप्त नहीं होती, लेकिन इसे संतुलित खान-पान, पर्याप्त नींद और पूरे दिन की सक्रियता के साथ शामिल किया जा सकता है।
सिर्फ इन आदतों से पेट की चर्बी कम नहीं होगी
इन पांचों आदतों को स्वस्थ दिनचर्या का हिस्सा बनाया जा सकता है, लेकिन इन्हें पेट की चर्बी कम करने का कोई विशेष या अकेला उपाय नहीं माना जाना चाहिए। शरीर में फैट कम करने के लिए लंबे समय तक संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त नींद और तनाव कंट्रोल करना जरूरी हैं।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य स्वास्थ्य जानकारी के उद्देश्य से है। सुबह की ये आदतें तनाव कम करने, नींद और ओवरऑल हेल्थ को बेहतर बनाने में मदद कर सकती हैं, लेकिन इन्हें पेट की चर्बी कम करने का पक्का या वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित इलाज नहीं माना जाना चाहिए। वजन कम करने के लिए संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त नींद और स्वस्थ जीवनशैली जरूरी है। किसी बीमारी, दवा या विशेष स्वास्थ्य स्थिति में डॉक्टर की सलाह जरूर लें।

Leave a Reply