कार का बोनट खोला तो उड़ गए होश, अंदर कुंडली मारकर बैठा था 7 फीट लंबा अजगर; रेस्क्यू का वीडियो वायरल..

कार का बोनट खोला तो उड़ गए होश, अंदर कुंडली मारकर बैठा था 7 फीट लंबा अजगर; रेस्क्यू का वीडियो वायरल..

मुंबई: बारिश के मौसम में सांप और दूसरे जीव सुरक्षित और सूखी जगह की तलाश में अक्सर इंसानी बस्तियों तक पहुंच जाते हैं। लेकिन मुंबई के दहिसर इलाके में एक कार के बोनट के अंदर जो नजारा देखने को मिला, उसने वहां मौजूद लोगों को हैरान कर दिया।

दहिसर के कांदरपाड़ा स्थित बापू बागवे रोड पर एक रिहायशी परिसर में खड़ी कार के बोनट के अंदर करीब 7 फीट लंबा अजगर घुस गया। अजगर को कार के भीतर जाते देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।

कार के बोनट में कैसे पहुंचा अजगर?

बताया गया कि शनिवार दोपहर कार को परिसर में पार्क किया गया था। इसी दौरान कुछ लोगों की नजर एक विशाल अजगर पर पड़ी, जो धीरे-धीरे कार के निचले हिस्से की तरफ बढ़ रहा था। देखते ही देखते वह कार के बोनट के अंदर चला गया।

जब लोगों को इसका पता चला तो उन्होंने तुरंत कार मालिक को जानकारी दी। इसके बाद सांप पकड़ने वाले विशेषज्ञ को बुलाया गया।

इंजन के पुर्जों के बीच फंसा था अजगर

रेस्क्यू एक्सपर्ट समीर गुप्ता मौके पर पहुंचे और कार का बोनट खोला। अंदर का नजारा देखकर हर कोई हैरान रह गया। विशालकाय अजगर इंजन के पुर्जों के बीच मजबूती से कुंडली मारकर बैठा हुआ था।

रेस्क्यू टीम ने काफी सावधानी से अजगर को बाहर निकाला। वायरल हो रहे वीडियो में विशेषज्ञ को अजगर को कार के इंजन से सुरक्षित तरीके से निकालते हुए देखा जा सकता है।

सुरक्षित जगह पर छोड़ा गया अजगर

कड़ी मशक्कत के बाद अजगर को कार से बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में छोड़ दिया गया।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कार के बोनट से निकलता विशाल अजगर देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं। बारिश के मौसम में सांपों के सुरक्षित जगहों की तलाश में घरों और वाहनों तक पहुंचने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *