
अररिया के नरपतगंज क्षेत्र में छह वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार दोपहर एक सुनसान घर के अंदर बच्ची का शव रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
मृत बच्ची भवानीपुर गांव निवासी धीरेंद्र पासवान की छह वर्षीय बेटी बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। परिवार की ओर से बच्ची की हत्या कर शव को फंदे से लटकाने की आशंका जताई गई है।
जितवाहन भगवान की प्रतिमा देखने गई थी बच्ची
बताया जा रहा है कि बच्ची गांव से करीब 400 मीटर दूर जितवाहन भगवान की प्रतिमा देखने के लिए गई थी। इसके बाद वह अचानक लापता हो गई। बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
काफी खोजबीन के दौरान घटनास्थल के पास खेती देखने पहुंचे एक युवक की नजर सुनसान पड़े घर के अंदर गई। वहां बच्ची का शव धरेन में रस्सी के सहारे लटका दिखाई दिया। उसने तुरंत इसकी जानकारी परिवार और आसपास के लोगों को दी।
शव मिलने के बाद गांव में मचा हड़कंप
बच्ची का शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
फुलकाहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर बच्ची के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
बच्ची के स्वजनों ने आशंका जताई है कि उसकी हत्या करने के बाद शव को सुनसान घर में ले जाकर फंदे से लटकाया गया। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या या किसी अन्य वजह की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों की जांच कर रही है। फोरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।
पुलिस अधिकारियों ने भी लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से जानकारी ली और जांच की प्रगति के बारे में जानकारी जुटाई।
फिलहाल पुलिस बच्ची की मौत से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है। बच्ची वहां तक कैसे पहुंची, उसके साथ क्या हुआ और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं।

Leave a Reply