
रायगढ़, छत्तीसगढ़: शादी का वादा करके एक युवती से संबंध बनाने और उसके गर्भवती होने के बाद शादी से मुकरने के आरोप में पुलिस ने 24 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। मामला चक्रधरनगर थाना क्षेत्र का है। युवती की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
दस साल पहले हुई थी दोनों की मुलाकात
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, 24 वर्षीय युवती करीब दस साल पहले एक रिश्तेदार के घर चंद्रपुर गई थी। वहीं उसकी मुलाकात सक्ती जिले के चंद्रपुर थाना क्षेत्र के भैसानारा गांव निवासी परमेश्वर सिदार उर्फ राजू सिदार से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत होने लगी।
युवती का आरोप है कि मई 2025 में परमेश्वर ने फोन करके उसे पसंद करने की बात कही और शादी का प्रस्ताव रखा। कुछ समय बाद वह काम के सिलसिले में रायगढ़ रहने लगा।
शादी का भरोसा देकर बनाए शारीरिक संबंध
शिकायत के मुताबिक, 13 जुलाई 2025 को आरोपी युवती के घर पहुंचा और घूमने के बहाने उसे केलो डैम ले गया। वहां उसने शादी का भरोसा देकर कथित तौर पर युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए।
युवती का आरोप है कि इसके बाद भी आरोपी अलग-अलग जगहों पर शादी का वादा करता रहा और उसका शोषण करता रहा। जब उसे पता चला कि वह गर्भवती है, तब भी आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिया।
शादी की बात आई तो आरोपी ने कर दिया इनकार
पीड़िता के मुताबिक, समय बीतने के साथ आरोपी अपने वादे से पीछे हटने लगा। 2 नवंबर 2026 को युवती ने उसे फोन करके अपने घर ले जाने के लिए कहा, लेकिन उसने आने से मना कर दिया।
इसके बाद 5 नवंबर को युवती खुद आरोपी के गांव भैसानारा पहुंच गई। वहां उसे आरोपी के परिजनों ने बताया कि उसकी शादी हो चुकी है। आरोप है कि परिजनों ने युवती को वहां से जाने के लिए कह दिया। बाद में आरोपी ने भी शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
गन्ना बेचने जा रहा था आरोपी, पुलिस ने रास्ते में पकड़ा
युवती ने 19 नवंबर को महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ट्रैक्टर में गन्ना लादकर बिक्री के लिए किरोड़ीमलनगर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम वहां पहुंची। पुलिस की मौजूदगी का पता चलते ही आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने गोरखा रोड पर घेराबंदी करके उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी परमेश्वर सिदार उर्फ राजू सिदार को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
एसएसपी ने कही सख्त कार्रवाई की बात
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों को लेकर पुलिस संवेदनशील और सख्त है। पीड़ितों की शिकायतों पर कार्रवाई करना, आरोपियों को कानून के अनुसार सजा दिलाने की दिशा में कदम उठाना और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।
Satya Report डिस्क्लेमर: यह खबर पुलिस कार्रवाई और पीड़िता की शिकायत में सामने आए आरोपों पर आधारित है। मामले में आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।

Leave a Reply