
(औरंगाबाद)। दाउदनगर थाना क्षेत्र के मनार पंचायत के गंगा बिगहा गांव में साढ़े तीन वर्षीय मासूम की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। गुरुवार शाम करीब चार बजे घर के पास से लापता हुए मासूम का शव शुक्रवार की सुबह गांव के समीप नहर से बरामद किया गया।
शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां और स्वजन की चीख-पुकार से गांव का माहौल गमगीन हो गया। हत्या के कारण का पता नहीं चल सका है।
गुरुवार शाम घर के पास से अचानक गायब हो गया
बताया जाता है कि विकास के पुत्र भोला गुरुवार शाम घर के पास से अचानक गायब हो गया था। काफी देर तक उसके नहीं लौटने पर स्वजन ने आसपास के इलाके में तलाश शुरू की। पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। रातभर खोजबीन के बावजूद मासूम का कोई सुराग नहीं मिला।
शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों की नजर नहर में पड़े बच्चे के शव पर गई। पहचान होने पर पता चला कि शव लापता भोला का है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया है।
एसडीपीओ चंद्रभूषण ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा जा सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डाग स्क्वायड समेत विशेष टीमों को बुलाया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply