
अक्सर हमने अपने बड़े-बुजुर्गों से सुना है कि अगर बच्चे का दिमाग पढ़ाई में कमजोर है, उसको याद करने में दिक्कत होती है तो उसे बादाम खिलाएं। दादी-नानी आज भी कहती हैं कि रोज बादाम खाने से आंखों की रोशनी बेहतर होती है और चश्मे की जरूरत कम हो सकती है। लेकिन क्या ये सिर्फ पीढ़ियों से चली आ रही बातें हैं या इनके पीछे कोई वैज्ञानिक आधार भी है? क्या बादाम सच में दिमाग और आंखों की सेहत के लिए फायदेमंद है? आइए जानते हैं एक्सपर्ट और वैज्ञानिक शोध क्या कहते हैं। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखें तो बादाम में विटामिन E, राइबोफ्लेविन, फोलेट, ओमेगा-3 और ओमेगा-6 फैटी एसिड प्रचुर मात्रा में पाया जाता हैं। विटामिन E एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है जो मस्तिष्क की कोशिकाओं (Brain Cells) और आंखों के पतले ऊतकों को ऑक्सीडेटिव तनाव और फ्री-रेडिकल्स के नुकसान से बचाता है। इसके नियमित सेवन से बढ़ती उम्र के साथ याददाश्त कमजोर होने की गति धीमी होती है और आंखों में मोतियाबिंद या मैकुलर डिजनरेशन का जोखिम कम हो सकता है। हम सभी जानते हैं कि हमारी हेल्दी डाइट हमारी सेहत पर अहम रोल निभाती है, बादाम भी उसी का हिस्सा है।
आयुर्वेदिक एक्सपर्ट नित्यानंदम श्री ने बताया अगर आप आंखों को पूरा पोषण देना चाहते हैं और नेचुरल तरीके से आंखों की रोशनी बढ़ाना चाहते हैं तो आप बादाम का सेवन खास तरीके से करें। आयुर्वेदिक एक्सपर्ट के मुताबिक बादाम को रातभर पानी में भिगोकर और उसका छिलका उतारकर उसे पीस लें तो उसकी तासीर नॉर्मल हो जाती है और शरीर इसके पोषक तत्वों को बेहतर तरीके से अवशोषित कर पाता है। आइए जानते हैं कि बादाम का सेवन करने से आंख, ब्रेन और सेहत पर कैसा होता है असर।
बादाम कैसे ब्रेन पर करता है असर?
बादाम एक ऐसा सूखा ड्राई फ्रूट है जिसमें विटामिन E, राइबोफ्लेविन, फोलेट और ओमेगा-3 फैटी एसिड मौजूद होता हैं। ये पोषक तत्व मस्तिष्क की कार्यप्रणाली और याददाश्त को बेहतर बनाए रखने में मदद करते हैं। Brain Research Bulletin में प्रकाशित रिसर्च के मुताबिक बादाम का नियमित सेवन मस्तिष्क में ‘एसिटाइलकोलाइन’ नामक न्यूरोट्रांसमीटर के स्तर को बढ़ाता है। एसिटाइलकोलाइन वो रसायन है जो न्यूरॉन्स के बीच संदेश भेजने, ध्यान केंद्रित करने और याददाश्त को मजबूत करने के लिए जिम्मेदार होता है।
बादाम में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट, खासकर विटामिन E मस्तिष्क की कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाते हैं। न्यूरोलॉजिकल रिसर्च के अनुसार, विटामिन E मस्तिष्क की उम्र बढ़ने की प्रक्रिया को धीमा करता है, जिससे डिमेंशिया और अल्जाइमर जैसी समस्याओं का जोखिम कम होता है। बादाम में मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड, ओमेगा-6 फैटी एसिड और फोलेट मस्तिष्क की नसों (Neurons) की झिल्ली को लचीला और हेल्दी बनाए रखते हैं। इससे दिमाग नई चीजें सीखने और जानकारी को लंबे समय तक याद रखने में अधिक सक्षम बनता है। Purdue University द्वारा की गई रिसर्च के मुताबिक दोपहर के खाने के समय बादाम खाने से Blood Sugar का स्तर कंट्रोल रहता है। इससे दोपहर में होने वाली दिमागी थकान कम होती है। बादाम में राइबोफ्लेविन (विटामिन B2) और एल-कार्निटाइन जैसे पोषक तत्व होते हैं जो दिमागी गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ न्यूरल पाथवे (Neural Pathways) में सुधार करते हैं।
बादाम का सेवन कैसे आंखों के लिए असरदार है?
आयुर्वेदिक एक्सपर्ट नित्यानंदम श्री ने बताया अगर आप आंखों को पूरा पोषण देना चाहते हैं और नेचुरल तरीके से आंखों की रोशनी बढ़ाना चाहते हैं तो आप बादाम का सेवन खास तरीके से करें। आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए आप बादाम को दूध के साथ और काली मिर्च के साथ कॉम्बिनेशन करके खाएं। इस तरह बादाम का सेवन आंखों की मांसपेशियों को मजबूत बनाता है और आंखों की रोशनी बढ़ाता है। आंखों की हेल्थ के लिए आप डाइट में हरी पत्तेदार सब्जियां, गाजर, पपीता, बादाम, अखरोट और आंवला का भी सेवन करें।
बादाम में मौजूद विटामिन E एंटीऑक्सीडेंट के रूप में काम करता है और कोशिकाओं को नुकसान से बचाता है। यह उम्र के साथ होने वाली आंखों की समस्याओं की गति धीमा कर सकता है। वैज्ञानिक शोधों के अनुसार, बादाम आंखों की सेहत और रोशनी को लंबे समय तक बनाए रखने में बहुत कारगर है। इसमें मुख्य रूप से विटामिन E, जिंक (Zinc) और ओमेगा-3 फैटी एसिड पाए जाते हैं जो आंखों की आंतरिक संरचना को बनाए रखते हैं।
अमेरिका के National Eye Institute द्वारा की गई Age-Related Eye Disease Study के मुताबिक विटामिन E एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट की तरह काम करता है। बादाम में मौजूद विटामिन E रेटिना की हेल्दी कोशिकाओं को नष्ट होने से बचाता है। एक मुट्ठी बादाम से आपको अपनी दैनिक जरूरत का लगभग 48-50% विटामिन E मिल जाता है, जो आपकी आंखों की हिफाजत करता है। आयुर्वेद और मेडिकल साइंस दोनों के मुताबिक रोजाना बादाम का सेवन आंख से लेकर ब्रेन तक के लिए उपयोगी है।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी और पारंपरिक मान्यताओं पर आधारित है। बादाम या कोई भी घरेलू नुस्खा किसी चिकित्सकीय इलाज का विकल्प नहीं है। आंखों की समस्या या कमजोर याददाश्त के लिए हमेशा डॉक्टर से परामर्श लें।

Leave a Reply