कालकाजी सामूहिक दुष्कर्म:​​​​​​​ तीन आरोपियों ने चाकू की नोक पर किशोरी से किया दुष्कर्म

कालकाजी सामूहिक दुष्कर्म:​​​​​​​ तीन आरोपियों ने चाकू की नोक पर किशोरी से किया दुष्कर्म
कालकाजी सामूहिक दुष्कर्म:​​​​​​​ तीन आरोपियों ने चाकू की नोक पर किशोरी से किया दुष्कर्म

दिल्ली के आस्था कुंज पार्क बलात्कार कांड की 17 वर्षीय पीड़िता ने फॉरेंसिक टीम को वे स्थान दिखाए जहां उसके तीन लोगों ने चाकू दिखा कर उसके साथ कथित रूप से दुष्कर्म किया था। इससे जांचकर्ताओं को घटनास्थल से कई जैविक साक्ष्य बरामद करने में मदद मिली। पुलिस ने यह जानकारी दी।

एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, किशोरी ने पुलिस को बताया कि पार्क में अलग-अलग सुनसान स्थानों पर दुष्कर्म के दौरान तीनों आरोपियों ने उसकी गर्दन पर चाकू लगाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। रोहिणी स्थित फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम और जिला मोबाइल अपराध टीम ने बाद में किशोरी द्वारा बताए गए स्थानों की जांच की और वैज्ञानिक परीक्षण के लिए कई नमूने एकत्र किए। अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि जैविक साक्ष्यों के डीएनए विश्लेषण से जांचकर्ताओं को आरोपियों और कथित अपराध के बीच संबंध स्थापित करने में मदद मिल सकती है।

किशोरी अपने जन्मदिन के अवसर पर सोमवार को 17 वर्षीय मित्र के साथ कालकाजी मंदिर गई थी। मंदिर में पूजा करने के बाद दोनों ने कालकाजी मेट्रो स्टेशन के बाहर चिप्स और पानी की एक बोतल खरीदी और फिर गेट नंबर सात से आस्था कुंज पार्क में प्रवेश किया। घटना के विवरण के अनुसार, दोनों एक बेंच पर बैठकर चिप्स खा रहे थे, तभी तीनों आरोपी उनके पास पहुंचे।

आरोपियों ने किशोरी के मित्र को कथित तौर पर पकड़ लिया, उसे थप्पड़ मारे और दोनों ने जब पूछा कि वे कौन हैं, तो आरोपियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया। आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन कथित तौर पर छीन लिए और किशोरी को उसके मित्र से अलग कर दिया। उन्होंने दोनों को धमकाया और किशोरी को पार्क के एक सुनसान हिस्से की ओर ले गए।

आरोपियों में से एक ने दूसरे से पिस्तौल निकालने को कहा। किशोरी ने पुलिस को बताया कि जिस व्यक्ति को अन्य लोग आसिफ कहकर बुला रहे थे, उसने बैंगनी रंग की शर्ट पहन रखी थी । और वह अन्य लोगों के मुकाबले थोड़ा मोटा था। उसने कथित तौर पर काले रंग का एक हथियार दिखाया और फिर उसे अपनी जेब में रख लिया।

इसके बाद तीनों आरोपियों ने कथित तौर पर चाकू निकाले और किशोरी को पार्क के एक अंधेरे स्थान पर ले गए। अधिकारी के अनुसार, एक अन्य आरोपी को वे हेमू कहकर बुला रहे थे और उसे अपराध के दौरान निगरानी रखने को कहा। किशोरी ने आरोप लगाया कि आसिफ ने उसकी गर्दन पर चाकू लगाया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

इसके बाद उसने हेमू को बुलाया जो किशोरी को कथित तौर पर दूसरी बेंच पर ले गया और उसकी गर्दन पर चाकू लगाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। तीसरे आरोपी को वे दीपु कहकर बुला रहे थे और फिर उसने लड़की के साथ चाकू दिखा कर दुष्कर्म किया। किशोरी ने पुलिस को बताया कि कथित हमले के बाद आरोपियों ने उसे घटना के बारे में किसी को बताने पर उसे और उसके मित्र को जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने उनके मोबाइल फोन वापस किए और दोनों को पार्क से बाहर ले गए। इसके बाद किशोरी ने अपने मित्र को कथित दुष्कर्म के बारे में बताया, जिसके बाद उसने पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को फोन किया। रात करीब 8:45 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली और पुलिस की एक टीम पार्क के गेट नंबर सात के पास दोनों के पास पहुंची। पुलिस ने बताया कि किशोरी द्वारा घटना का विस्तृत विवरण दिए जाने से जांचकर्ताओं को आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली। बाद में वह पुलिस टीम के साथ आस्था कुंज पार्क गई और उन स्थानों की पहचान की जहां कथित दुष्कर्म हुआ था।

एफएसएल टीम और जिला मोबाइल अपराध टीम ने इन स्थानों की जांच की और जैविक तथा अन्य साक्ष्य एकत्र किए, जिनमें एक बेंच के पास मिला कंडोम भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि नमूनों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है और जांचकर्ता डीएनए प्रोफाइलिंग समेत उनके परिणामों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों आसिफ, हेमंत और महेश को बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आसिफ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। वह इसमें जख्मी हो गया था। तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *