
जानिए कौन हैं जय सिंह राठौर और वे X (पहले ट्विटर) पर ट्रेंड क्यों कर रहे हैं? इंटरनेट यूजर्स जमकर उन पर गुस्सा निकाल रहे हैं. सोशल मीडिया पर विजय माल्या से जुड़े मीम्स की बाढ़ आ गई है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर इन दिनों जय सिंह राठौर (Jay Singh Rathore) नाम का शख्स चर्चा का केंद्र बना हुआ है. मदद की गुहार लगाकर लोगों की भावनाओं से खेलने और क्राउडफंडिंग के नाम पर ठगी करने का यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है. आइए जानते हैं कि आखिर पूरा विवाद क्या है और क्यों लोग इस आदमी पर अपना गुस्सा निकाल रहे हैं.
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
इस पूरे मामले की शुरुआत X पर एक इमोशनल पोस्ट से हुई. जय सिंह राठौर नाम के यूजर ने अपनी बहन की आंखों की सर्जरी के लिए आर्थिक मदद की अपील की थी. लोगों ने भी दरियादिली दिखाते हुए दिल खोलकर दान दिया और उसने देखते ही देखते 1.5 लाख रुपए से ज्यादा की रकम जुटा ली. लेकिन कुछ ही समय बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने उसके द्वारा शेयर किए गए मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन और दस्तावेजों में कई कमियां पकड़ लीं, जिससे शक गहराने लगा.
अस्पताल का खुलासा: फर्जी हैं दस्तावेज
जिस ‘श्राफ आई सेंटर’ (Shroff Eye Centre) अस्पताल के नाम का इस्तेमाल किया जा रहा था, उस अस्पताल ने आगे आकर स्पष्ट किया कि उनके लेटरहेड और दस्तावेजों का दुरुपयोग करके फर्जी पर्चियां बनाई गई हैं. अस्पताल ने इंस्टाग्राम स्टोरी में साफ किया कि ऐसा कोई भी मरीज वहां इलाज नहीं करवा रहा है और यह लोगों को ठगने का एक सुनियोजित तरीका है.
दबाव बढ़ने पर जय सिंह राठौर ने सफाई देने के लिए ‘एक्स स्पेसेस’ (X Spaces) का सहारा लिया. पूछताछ के दौरान वह रोता हुआ नजर आया और अपनी गलती कबूल की. उसने अजीबोगरीब सफाई देते हुए कहा कि पैसे उसकी बहन के लिए नहीं, बल्कि उसके बीमार पिता के इलाज के लिए थे.
गुस्साए दानदाताओं ने जब उससे तुरंत पैसे वापस करने को कहा, तो उसने रिफंड के स्क्रीनशॉट साझा करने शुरू कर दिए. एक यूजर द्वारा शेयर किए गए बैंक स्क्रीनशॉट से यह भी सामने आया कि उसके खाते से कुछ पैसे कम हुए हैं, जिससे संकेत मिलता है कि उसने कुछ रिफंड किए हैं.
अब सुनिए क्या कह रहा है आरोपी जय सिंह राठौर
अन्य यूजर पर भी उठे सवाल
इस वायरल पोस्ट को प्रमोट करने वाली एक अन्य यूजर ‘@Raniisaa_’ पर भी इस घोटाले में मिलीभगत का शक जताया गया. हालांकि, उन्होंने तुरंत ट्वीट कर इस पूरे मामले से अपना पल्ला झाड़ लिया और जय सिंह राठौर से किसी भी तरह के रिश्ते से साफ इनकार कर दिया.

Leave a Reply