आज के समय में स्लिम और सुंदर दिखने की दीवानगी लोगों पर इस कदर हावी हो गई है कि वे अपनी सेहत की कीमत पर जानलेवा नुस्खे अपनाने से भी नहीं कतराते. हाल ही में चीन के हेनान प्रांत से एक ऐसी ही झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने सबको हैरान कर दिया है.
क्या है पूरा मामला?
5 फीट 3 इंच की एक 31 वर्षीय महिला का वजन 70 किलो था. उसे जल्दी वेट लॉस करना था. इसके लिए उसने ऐसा खतरनाक रास्ता चुना जिसने उससे उसका चलना-फिरना ही छीन लिया. महिला ने लगातार 15 दिनों तक बिना कुछ खाए सिर्फ पानी के सहारे रहने का फैसला किया. इस क्रैश डाइट से उसने 20 किलो वजन तो घटा लिया, लेकिन उसकी हालत ऐसी हो गई कि आज वह अपने पैरों पर ठीक से खड़ी भी नहीं हो पा रही है और उसकी चाल बिल्कुल पेंगुइन जैसी हो गई है.
जानलेवा बीमारी ‘वर्निके एन्सेफेलोपैथी’ का शिकार

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, जब हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, तो डॉक्टरों की रिपोर्ट देख पैरों तले जमीन खिसक गई. महिला को ‘वर्निके एन्सेफेलोपैथी’ (Wernicke Encephalopathy) नाम की गंभीर दिमागी बीमारी हो गई थी. यह बीमारी शरीर में विटामिन B1 की भारी कमी और अत्यधिक कुपोषण की वजह से होती है. इसकी चपेट में आने के बाद महिला को भ्रम होने लगा, याददाश्त कमजोर हो गई, आंखों को हिलाने में दिक्कत आने लगी और शरीर का संतुलन पूरी तरह बिगड़ गया.
क्या कभी ठीक हो पाएगी उसकी चाल?
डॉक्टरों के मुताबिक, लंबे समय तक भूखा रहने और पोषण न मिलने से महिला के नर्वस सिस्टम को बहुत गहरा नुकसान पहुंचा है. न्यूरोलॉजिस्ट का कहना है कि तमाम इलाज के बाद भी इस बात की आशंका है कि उसकी यह पेंगुइन जैसी चाल उम्रभर के लिए ऐसी ही बनी रह सकती है.
सोशल मीडिया पर चल रहा ये खतरनाक ट्रेंड
पूछताछ में पता चला कि वह महिला चीन की एक प्राचीन ताओवादी प्रथा ‘बिगु’ (Bigu) का पालन कर रही थी, जिसमें बिना खाना खाए सिर्फ हवा या ऊर्जा के सहारे जीने का दावा किया जाता है. आजकल सोशल मीडिया पर ऐसे एक्सट्रीम वाटर फास्टिंग ट्रेंड्स धड़ल्ले से वायरल हो रहे हैं, जिन्हें देखकर लोग बिना सोचे-समझे अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं

Leave a Reply