रोज घरवालों से करता था बात, अचानक बेड पर मिला शव; आर्मेनिया में हरियाणा के युवक की संदिग्ध मौत..

रोज घरवालों से करता था बात, अचानक बेड पर मिला शव; आर्मेनिया में हरियाणा के युवक की संदिग्ध मौत..

करनाल के बस्तली गांव के रहने वाले राजीव की आर्मेनिया में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों ने सरकार से शव भारत लाने में मदद की गुहार लगाई है।

राजीव 2022 में परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बेहतर भविष्य के सपने के साथ आर्मेनिया गया था। परिवार ने कर्ज लेकर उसे विदेश भेजा था। बताया गया कि वह वहां काम करता था और रोजाना अपने परिवार से फोन पर बातचीत करता था।

कमरे में बेड पर मिला शव

राजीव के भाई अभिषेक के मुताबिक, घटना के दिन राजीव का रूममेट काम से वापस लौटा तो उसने राजीव को बेड पर लेटा देखा। कुछ देर बाद जब उसने राजीव को उठाने की कोशिश की तो उसकी सांसें नहीं चल रही थीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने राजीव को मृत घोषित कर दिया।

मौत की वजह अभी साफ नहीं

परिजनों के मुताबिक, राजीव बिल्कुल ठीक था और घटना से पहले परिवार से उसकी बातचीत भी हुई थी। उसकी अचानक मौत कैसे हुई, फिलहाल इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। परिवार को पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।

घर बनाने का सपना भी रह गया अधूरा

राजीव अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए विदेश गया था। कुछ समय पहले ही परिवार ने गांव में मकान बनाना शुरू किया था। भाई अभिषेक के अनुसार, वह रोजाना राजीव को नए बन रहे घर की तस्वीरें भेजता था। परिवार को उम्मीद थी कि विदेश से लौटकर राजीव अपने सपनों का घर पूरा करेगा, लेकिन उसकी मौत ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।

मां की सरकार से मार्मिक अपील

राजीव की मां कमलेश का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से बेटे का पार्थिव शरीर भारत लाने में मदद की अपील की है। उनका कहना है कि वह अपने बेटे को आखिरी बार देखना चाहती हैं। परिवार के मुताबिक, राजीव घर का छोटा बेटा था और उसके विदेश जाने से परिवार को आर्थिक हालात बेहतर होने की उम्मीद थी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *