पहले एयर होस्टेस, फिर बनीं DSP… अब लटकी गिरफ्तारी की तलवार, कौन हैं नेहा पच्चीसिया, जिन पर हुई FIR..?

पहले एयर होस्टेस, फिर बनीं DSP… अब लटकी गिरफ्तारी की तलवार, कौन हैं नेहा पच्चीसिया, जिन पर हुई FIR..?
पहले एयर होस्टेस, फिर बनीं DSP... अब लटकी गिरफ्तारी की तलवार, कौन हैं नेहा पच्चीसिया, जिन पर हुई FIR?

एक वक्त था जब नेहा पच्चीसिया आसमान में उड़ान भरती थीं. नौकरी थी एयर होस्टेस की. फिर उन्होंने MPPSC का एग्जाम दिया, पुलिस सेवा में आईं और खाकी वर्दी पहन ली. लेकिन अब कहानी का सीन पूरी तरह बदल गया है. मध्य प्रदेश के कटनी में पदस्थ CSP नेहा पच्चीसिया के खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की है. आरोप जमीन के एक सौदे में दबाव बनाने, धोखाधड़ी और आपराधिक सांठगांठ से जुड़े हैं. उनके साथ दो और लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है.

ये FIR कटनी के कुठला थाने में नेहा पच्चीसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ दर्ज की गई है. यह कार्रवाई विभागीय जांच के बाद पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर हुई. कटनी SP अभिनय विश्वकर्मा ने FIR दर्ज होने की पुष्टि की है. यह कार्रवाई अचानक नहीं हुई. इसके पीछे शिकायतों, विभागीय जांच और एक हत्या के केस से जुड़ी जमीन की पूरी कहानी है. एयर होस्टेस से DSP बनीं नेहा पच्चीसिया की कहानी FIR तक कैसे पहुंची? नेहा पच्चीसिया ने अपने करियर की शुरुआत पुलिस से नहीं की थी.

नेहा पहले एयर होस्टेस थीं. लेकिन बाद में उन्होंने सरकारी नौकरी की तैयारी का फैसला किया. MPPSC की परीक्षा पास की और पुलिस सेवा में आ गईं. साल 2016 में उन्होंने MPPSC में 20वीं रैंक हासिल की. इसके बाद उनका सफर पुलिस विभाग में आगे बढ़ता गया.

यानी एक तरफ एविएशन की ग्लैमर वाली नौकरी से खाकी वर्दी तक का सफर था. लेकिन साल 2026 आते-आते उनके नाम के साथ विवादों की खबरें जुड़ने लगीं. जुलाई में एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी ने नेहा पच्चीसिया पर अवैध वसूली का आरोप लगाया.

शिकायत के बाद कटनी पुलिस ने कार्रवाई की. उनके ड्राइवर केशव सिंह को सस्पेंड कर दिया गया. नेहा पच्चीसिया से तीन थानों का प्रभार भी वापस ले लिया गया. मामले की जांच एक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को दी गई. अब तक कहानी एक शिकायत और विभागीय कार्रवाई तक थी. लेकिन इसके बाद एक दूसरा मामला सामने आया.

एक युवक की हत्या के मामले में आकाश लोधी नाम के शख्स को गिरफ्तार किया गया था. बाद में उसे डिफॉल्ट बेल मिल गई. आरोप लगा कि हत्या के मामले में समय सीमा के भीतर चालान पेश नहीं किया गया था. जेल से बाहर आने के बाद आकाश लोधी ने एक और गंभीर आरोप लगाया. उसका कहना था कि गिरफ्तारी के बाद उसकी जमीन को लेकर उसके परिवार पर दबाव बनाया गया. और यहीं से कहानी पुलिस की कार्रवाई से निकलकर जमीन के सौदे तक पहुंचती है.

82 लाख की जमीन, रजिस्ट्री 18 लाख में?

मामला कटनी के कुठला थाना क्षेत्र के कन्हवारा गांव की जमीन से जुड़ा है. शिकायत और विभागीय जांच में सामने आए तथ्यों के मुताबिक, जमीन की सरकारी गाइडलाइन कीमत करीब 82 लाख 86 हजार रुपये थी. लेकिन आरोप है कि इसकी रजिस्ट्री सिर्फ 18 लाख 20 हजार रुपये में कराई गई. कागजों में करीब 15 लाख रुपये चेक से और 3.20 लाख रुपये नकद भुगतान दिखाया गया. अब यहां एक और रकम सामने आती है.

शिकायतकर्ता आकाश लोधी का दावा है कि जमीन का सौदा करीब 1 करोड़ 7 लाख रुपये में हुआ था. लेकिन रजिस्ट्री के वक्त उसे सिर्फ 15 लाख रुपये का चेक दिया गया और बाकी रकम सात दिन में देने की बात कही गई. लेकिन जब बाकी पैसा नहीं मिला तो परिवार ने शिकायत की.

आकाश लोधी का आरोप है कि उसके पिता रमेश लोधी को CSP नेहा पच्चीसिया के घर दो दिन तक बैठाकर रखा गया. इसके बाद सरकारी वाहन से उन्हें जमीन की रजिस्ट्री कराने के लिए ले जाया गया. परिवार का आरोप है कि पुलिसिया दबाव की वजह से जमीन का सौदा कराया गया. लेकिन जांच में पैसों का एक लेनदेन सामने आया, जिसने इस कहानी को और पेचीदा बना दिया.

जांच के मुताबिक, जमीन के खरीदार मारूफ अहमद हनफी के खाते में 15 लाख रुपये क्षितिज राज के अकाउंट से ट्रांसफर किए गए. शिकायत में क्षितिज राज को नेहा पच्चीसिया का कथित पार्टनर बताया गया है. यानी जमीन का खरीदार अलग, पैसा भेजने वाला अलग और आरोपों के केंद्र में पुलिस अधिकारी अलग. जांच करने वालों के सामने सवाल था- जमीन के इस सौदे में पैसा आखिर किसका था और किसके कहने पर ट्रांसफर हुआ?

रमेश लोधी ने पैसे नहीं मिलने पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत की. जमीन के नामांतरण पर भी आपत्ति दर्ज कराई. इसके बाद शिकायतों का दायरा बढ़ा और मामले की जांच जबलपुर रेंज के IG के निर्देश पर IPS अनु बेनीवाल को सौंपी गई. जांच में जमीन के सौदे, पैसों के लेनदेन और दबाव बनाने के आरोपों को देखा गया. इसके साथ ही नेहा पच्चीसिया से जुड़े दूसरे मामलों की भी जांच चल रही थी.

अब 22 अगस्त से पहले की कार्रवाई में कहानी यहां पहुंची कि कटनी के कुठला थाने में नेहा पच्चीसिया समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर दी गई. नेहा पच्चीसिया के अलावा क्षितिज राज और मारूफ अहमद हनफी को भी आरोपी बनाया गया है. कटनी SP अभिनय विश्वकर्मा ने FIR दर्ज होने की पुष्टि की है.

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *