
दिलचस्प बात यह है कि जिस मूर्ति पर आज पूरा देश बहस कर रहा है, उसकी ऊंचाई महज 10.5 सेंटीमीटर है. कमर पर हाथ रखे खड़ी यह आकृति किसी साधारण कलाकृति की तरह नहीं दिखती.
सोशल मीडिया पर इन दिनों 4500 साल पुरानी एक छोटी-सी मूर्ति को लेकर बड़ी बहस छिड़ी हुई है. ये वही मशहूर ‘डांसिंग गर्ल’ है, जिसे सिंधु घाटी सभ्यता की सबसे पहचान योग्य धरोहरों में गिना जाता है. हाल ही में एक किताब में इसकी तस्वीर को अलग तरीके से प्रकाशित किए जाने के बाद लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई. कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि ऐतिहासिक विरासत को उसके मूल स्वरूप में ही दिखाया जाना चाहिए या नहीं. दिलचस्प बात यह है कि जिस मूर्ति पर आज पूरा देश बहस कर रहा है, उसकी ऊंचाई महज 10.5 सेंटीमीटर है. आकार में छोटी होने के बावजूद यह भारतीय उपमहाद्वीप के प्राचीन इतिहास की सबसे प्रभावशाली कलाकृतियों में शामिल है.
अपने आप में बेहद खास है ये मूर्ति
एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह मूर्ति करीब 2500 ईसा पूर्व की है और उस दौर की तकनीकी समझ तथा कलात्मक कौशल का शानदार उदाहरण पेश करती है. इस मूर्ति की सबसे बड़ी खासियत इसकी आत्मविश्वास से भरी मुद्रा है. कमर पर हाथ रखे खड़ी यह आकृति किसी साधारण कलाकृति की तरह नहीं दिखती. यही वजह है कि दशकों से इतिहासकार, कलाकार और शोधकर्ता इसके अर्थ और पहचान को लेकर अलग-अलग राय रखते आए हैं.
क्या मानते हैं एक्सपर्ट्स
कुछ इसे डांसिंग गर्ल मानते हैं, जबकि कुछ एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह किसी प्रभावशाली महिला या धार्मिक परंपरा का प्रतीक भी हो सकती है. सोशल मीडिया पर चल रही बहस का एक बड़ा कारण यह भी है कि यह मूर्ति केवल धातु से बनी एक पुरानी वस्तु नहीं, बल्कि भारतीय इतिहास की पहचान मानी जाती है. लोगों का मानना है कि ऐसी ऐतिहासिक धरोहरें आने वाली पीढ़ियों को अतीत से जोड़ने का काम करती हैं. इसलिए इनके स्वरूप या प्रस्तुति में किसी भी बदलाव को लेकर संवेदनशीलता स्वाभाविक है.

Leave a Reply