अनूपपुर में युवक ने: परिवार पर किया हमला, मां समेत चार की मौत; कई घायल, आरोपी हिरासत में

अनूपपुर में युवक ने: परिवार पर किया हमला, मां समेत चार की मौत; कई घायल, आरोपी हिरासत में
अनूपपुर में युवक ने: परिवार पर किया हमला, मां समेत चार की मौत; कई घायल, आरोपी हिरासत में

मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में शनिवार को एक परिवार में हुई हिंसक घटना से हड़कंप मच गया। अमोदा बिजौरा गांव में एक युवक पर अपने ही परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप है। घटना में उसकी मां, नाना, नानी और परिवार की एक बच्ची की मौत होने की जानकारी सामने आई है। हमले में कई अन्य लोग घायल हुए हैं।

घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

कुछ दिन पहले नाना-नानी के घर आया था युवक

जानकारी के अनुसार आरोपी प्रेम सिंह करीब एक सप्ताह पहले अपनी मां के साथ अपने नाना-नानी के घर आया था। वह उमरिया जिले के मरदरी गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।

शुक्रवार को किसी बात को लेकर उसका एक स्थानीय व्यक्ति से विवाद हो गया था। आरोप है कि उसने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर उसके नाना-नानी के घर पहुंचाया और रस्सी से बांध दिया।

बताया जा रहा है कि बेटे को परेशानी में देखकर उसकी मां ने उसे रस्सी से खोल दिया। इसके बाद स्थिति अचानक बिगड़ गई।

रस्सी खुलते ही परिवार पर किया हमला

आरोप है कि रस्सी से मुक्त होने के बाद युवक ने सबसे पहले अपनी मां पर लाठी-डंडे से हमला किया। इसके बाद उसने नाना संपत और नानी भन्नी पर भी हमला कर दिया। घटना में तीनों की मौत होने की सूचना है।

इसके बाद आरोपी ने परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हमला किया। इस हमले में पांच वर्षीय मोनका सिंह की भी मौत बताई जा रही है, जबकि भारती और चंचल समेत कई लोग घायल हुए हैं।

स्थानीय व्यक्ति गंगा सिंह भी हमले में घायल बताए जा रहे हैं और उनकी हालत गंभीर बताई गई है।

घायलों को मेडिकल कॉलेज भेजा गया

घटना में घायल लोगों को इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनूपपुर और उमरिया दोनों जिलों की पुलिस घटनास्थल पर मौजूद रही। क्षेत्र में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

आरोपी पुलिस हिरासत में

पुलिस ने आरोपी प्रेम सिंह को हिरासत में ले लिया है। जांच टीम घटना से पहले हुए विवाद, परिवार के सदस्यों के साथ आरोपी के संबंध और हमले की पूरी परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।

स्थानीय स्तर पर आरोपी के पहले भी अपनी मां के साथ मारपीट करने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले भी उसके खिलाफ मामला दर्ज हुआ था और उसे जेल जाना पड़ा था। हालांकि इन पुराने घटनाक्रमों की विस्तृत पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मानसिक बीमारी की चर्चा, आधिकारिक पुष्टि नहीं

स्थानीय लोगों की ओर से आरोपी के मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात भी कही जा रही है। हालांकि पुलिस की ओर से फिलहाल इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसी तरह उसके स्थानीय जनप्रतिनिधि होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी पुलिस स्तर पर पुष्टि होना बाकी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मृतकों और घायलों की अंतिम आधिकारिक जानकारी तथा घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *