शादी में जयमाल के बाद अचानक गूंजने लगीं गोलियां,​​​​​​​​ दो लोगों की मौत से मचा हड़कंप

शादी में जयमाल के बाद अचानक गूंजने लगीं गोलियां,​​​​​​​​ दो लोगों की मौत से मचा हड़कंप
शादी में जयमाल के बाद अचानक गूंजने लगीं गोलियां,​​​​​​​​ दो लोगों की मौत से मचा हड़कंप

आरा, बिहार: भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चकिया गांव में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब जयमाल की रस्म पूरी होने के बाद अचानक फायरिंग शुरू हो गई। मंगलवार रात हुई इस वारदात में दो युवकों की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। शुरुआती पुलिस जांच में घटना के पीछे पुराना विवाद बताया जा रहा है।

मृतकों की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के शुभकरणगंज गांव निवासी राहुल कुमार और दीपक कुमार के रूप में हुई है। वहीं, गोली लगने से घायल व्यक्ति की पहचान दौलतपुर गांव के सोनू कुमार के रूप में हुई। उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, राहुल के मामा की बेटी की शादी चकिया गांव में हो रही थी। समारोह में जयमाल की रस्म पूरी होने के बाद रात करीब 11:30 बजे दो बाइक पर सवार होकर छह हमलावर वहां पहुंचे। बताया गया कि सभी की उम्र करीब 18 से 20 वर्ष के बीच थी। आरोप है कि हमलावरों ने सामने से ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।

अचानक हुई फायरिंग से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से राहुल और दीपक की जान चली गई, जबकि सोनू घायल हो गया। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखे और एक गोली का पिलेट बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में गोलीबारी की वजह पहले से चला आ रहा विवाद सामने आया है। हमलावरों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Satya Report Disclaimer: यह खबर उपलब्ध पुलिस जानकारी और रिपोर्ट के आधार पर तैयार की गई है। मामले की जांच जारी है; घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपियों की भूमिका की अंतिम पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *