
धमतरी, छत्तीसगढ़: खाना नहीं बनाने की बात पर शुरू हुआ घरेलू विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की और दूसरी कहानी सुनाकर बचने का प्रयास किया। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच ने उसकी पोल खोल दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल टंगिया, छुरी और तीर भी बरामद किए गए हैं।
घर की परछी में पड़ा मिला महिला का शव
मामला धमतरी जिले के ग्राम बाहनापथरा कमार डेरा का है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम कांटाकुर्रीडीह के कोटवार हीरासिंग देवदास ने पुलिस को सूचना दी कि सत्या बाई कमार अपने घर की परछी में मृत अवस्था में पड़ी है। महिला के माथे, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटों के निशान थे।
सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान मृतका के पति राजकुमार कमार ने पुलिस को बताया कि 25 नवंबर की शाम करीब 7 बजे वह स्टॉप डैम में मछली पकड़ने का जाल देखने गया था। रात लगभग 8 बजे जब वह घर लौटा तो पत्नी घायल हालत में मिली। कुछ समय बाद उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोल दिया हत्या का राज
शुरुआत में पुलिस ने मामला संदिग्ध मौत का मानकर मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेजा। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने धारदार और वजनी वस्तु से शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट पहुंचने को मौत का कारण बताया।
इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सरपंच सत्यवान ध्रुव व कोटवार हीरासिंग देवदास के बयानों की पड़ताल की। संदेह के आधार पर पति राजकुमार से दोबारा विस्तार से पूछताछ की गई।
खाना नहीं बनाने पर हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की। उसने बताया कि 25 नवंबर की रात खाना नहीं बनाने को लेकर उसका पत्नी के साथ विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में आकर उसने टंगिया, छुरी, तीर और प्लास्टिक पाइप से पत्नी पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल सत्या बाई की मौत हो गई।
झाड़ियों में छिपाकर रखे थे हत्या में इस्तेमाल हथियार
वारदात के बाद आरोपी ने हथियार झाड़ियों में छिपा दिए थे। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक लोहे की टंगिया, एक छुरी और एक तीर बरामद किया। इन हथियारों पर खून जैसे दाग पाए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी राजकुमार कमार (37 वर्ष), पिता स्वर्गीय बालाराम कमार, निवासी ग्राम बाहनापथरा, थाना केरेगांव, जिला धमतरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Satya Report Disclaimer: यह खबर पुलिस की जांच और उपलब्ध आधिकारिक जानकारी के आधार पर तैयार की गई है। मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा साक्ष्यों के आधार पर लिया जाएगा।

Leave a Reply