
बिहार के वैशाली जिले में अपराधियों द्वारा एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के बलवा कुंवारी गांव में बदमाशों ने युवक पर लगातार तीन गोलियां चला दीं। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
भोज में जाने के दौरान आया फोन
जानकारी के मुताबिक, घायल युवक की पहचान पीयूष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पीयूष भोज खाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उसे बुलाया। आरोप है कि बुलाने के बाद वहां मौजूद बदमाशों ने उस पर फायरिंग शुरू कर दी।
हमले में पीयूष को तीन गोलियां लगीं। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
गंभीर हालत में पीएमसीएच रेफर
गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से पीयूष को आनन-फानन में हाजीपुर सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार और सदर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची। अधिकारियों ने घायल और उसके परिजनों से घटना के संबंध में जानकारी लेने की कोशिश की।
पुलिस खंगाल रही घटना की वजह
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि पीयूष को किसने बुलाया था और उस पर फायरिंग क्यों की गई। पुलिस हमलावरों की पहचान करने के साथ घटना के पीछे की वजह का भी पता लगाने में जुटी है।
लगातार तीन गोलियां चलाए जाने की इस घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply