
रूस के मशहूर स्टंटमैन येवगेनी चेबोटारेव एक बेहद खतरनाक कारनामे को लेकर चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक पोस्ट में वह चलती हुई लीमोजीन कार की छत पर हेलिकॉप्टर रखकर उसे पहाड़ी से नीचे गिराते नजर आ रहे हैं। इस खतरनाक स्टंट में कार और हेलिकॉप्टर दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
कार की छत पर रखा था हेलिकॉप्टर
वायरल पोस्ट में एक लीमोजीन सड़क पर दिखाई देती है, जिसकी छत पर एक हेलिकॉप्टर रखा हुआ है। हेलिकॉप्टर का रोटर घूम रहा था और इंजन भी चालू नजर आ रहा था। इसके बाद येवगेनी चेबोटारेव कार की ड्राइविंग सीट पर बैठते हैं।
हेलिकॉप्टर के वजन और घूमते रोटर की वजह से कार असंतुलित होती दिखाई देती है। इसके बाद स्टंटमैन कार के एक्सीलरेटर को एक लकड़ी के टुकड़े की मदद से दबाकर छोड़ देते हैं। कार धीरे-धीरे आगे बढ़ती है और वह खुद उससे छलांग लगाकर बाहर निकल जाते हैं।
कुछ ही सेकंड में खाई में जा गिरी कार
कार आगे बढ़ते हुए पहाड़ी के किनारे पहुंच जाती है और फिर हेलिकॉप्टर समेत नीचे गहरी खाई में गिर जाती है। जमीन से टकराने के बाद कार और हेलिकॉप्टर बुरी तरह टूट जाते हैं।
इस पूरे स्टंट का मकसद सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचना बताया जा रहा है। हालांकि, इस तरह के खतरनाक स्टंट में जान का गंभीर जोखिम भी रहता है।
कौन हैं येवगेनी चेबोटारेव?
येवगेनी चेबोटारेव रूस के चर्चित स्टंटमैन और डेयरडेविल के तौर पर जाने जाते हैं। वह सोशल मीडिया पर अपने खतरनाक और असामान्य स्टंट के लिए काफी चर्चित रहे हैं। उनके पोस्ट में अक्सर कारों और दूसरी बड़ी वस्तुओं से जुड़े जोखिम भरे कारनामे देखने को मिलते हैं।
लोगों ने बताया पैसे और जान दोनों की बर्बादी
स्टंट का पोस्ट वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आईं। कुछ लोगों ने इसे बेहद खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना बताया। एक यूजर ने सवाल उठाया कि सिर्फ लाइक्स और व्यूज के लिए आखिर लोग इतनी बड़ी जोखिम क्यों लेते हैं।
वहीं, कुछ लोगों ने करोड़ों की कीमत वाली मशीनरी को इस तरह नष्ट करने पर भी नाराजगी जताई। कई यूजर्स इस पूरे कारनामे को देखकर हैरान रह गए।

Leave a Reply