
Jaipur Murder Case: जयपुर के बिंदायका इलाके की प्रेस्टीज कॉलोनी में एक महिला की हत्या कर शव को घर के गार्डन में दफनाने के मामले में अब रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे हुए हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह सिर्फ एक कत्ल नहीं, बल्कि एक बेहद क्रूर और सोची-समझी साजिश थी. कातिल कोई और नहीं बल्कि महिला का पति प्रवेश है, जिसने अपनी 6 महीने की गर्भवती पत्नी को मौत के घाट उतार दिया. इस खौफनाक वारदात ने पूरे जयपुर को दहला कर रख दिया है.
पुलिस जांच में जो तथ्य सामने आए हैं, वे किसी भी इंसान की रूह कंपाने के लिए काफी हैं. आरोपी प्रवेश ने रात के अंधेरे में अपनी पत्नी किरण की हत्या की. इसके बाद उसने घर के ही गार्डन में एक गहरा गड्ढा खोदा और शव को उसमें दफना दिया. हत्यारे की क्रूरता यहीं खत्म नहीं हुई. लाश जल्दी गल जाए और किसी को बदबू न आए, इसके लिए उसने शव के ऊपर भारी मात्रा में नमक भी डाल दिया था. नमक डालने के बाद उसने गड्ढे को मिट्टी से अच्छी तरह ढक दिया.
2-3 दिन तक घर आता-जाता रहा कातिल
बिंदायका थानाधिकारी अनिल जैमन के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह शव करीब 2 से 3 दिन पुराना लग रहा है. हत्या के बाद प्रवेश तुरंत फरार नहीं हुआ. किसी को उस पर शक न हो, इसलिए वह हत्या के बाद भी 2-3 दिन तक घर पर आता-जाता रहा. वह बाहर से मकान पर ताला लगा देता था. मृतका के शरीर पर पुलिस को किसी हथियार या गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं. ऐसे में माना जा रहा है कि गला दबाकर या जहर देकर हत्या की गई होगी. मौत के असली कारणों का खुलासा कांवटिया अस्पताल से पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
6 महीने की गर्भवती थी किरण
SHO जैमन ने बताया कि पूछताछ में मकान मालिक ने जानकारी दी है कि उत्तर प्रदेश निवासी प्रवेश (22) ने करीब दो महीने पहले यह मकान किराए पर लिया था. उसके साथ रहने वाली महिला का नाम उसने किरण (32) बताया था, जो यूपी के बाराबंकी की रहने वाली थी. प्रवेश ने किरण को अपनी पत्नी बताया था और सबसे दुखद बात यह है कि किरण करीब 6 महीने की गर्भवती थी. ऐसे में यह सिर्फ एक महिला की नहीं, बल्कि एक अजन्मे बच्चे की भी हत्या है.
मकान मालिक की सतर्कता से खुला राज
रविवार सुबह करीब 8 बजे जब मकान मालिक अपने मकान की देखरेख के लिए वहां पहुंचा, तो मेन गेट पर ताला लगा हुआ था. उसने पड़ोसियों से पूछताछ की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली. इसी दौरान उसकी नजर गार्डन की मिट्टी पर गई जो कुछ ऊंची-नीची लग रही थी. जब उसने पास जाकर मिट्टी को थोड़ा हटाया, तो जमीन के अंदर से एक महिला का हाथ बाहर निकला हुआ दिखाई दिया. यह खौफनाक मंजर देखकर उसके होश उड़ गए और उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
ठेकेदार से उधार लिए पैसे और हो गया फरार
पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए आरोपी प्रवेश ने पूरी प्लानिंग की थी. रविवार सुबह-सुबह ही वह घर से निकल गया था. भागने से पहले वह उस ठेकेदार के पास गया, जिसके अंडर में वह एक फैक्ट्री में काम करता था. उसने ठेकेदार से कुछ पैसे उधार लिए और वहां से फरार हो गया. फिलहाल पुलिस की कई टीमें आरोपी की तलाश में दबिश दे रही हैं और मृतका के परिजनों से भी संपर्क साधने का प्रयास किया जा रहा है.

Leave a Reply