
आंध्र प्रदेश के कडप्पा जिले से शादी और प्यार के नाम पर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. आरोप है कि एक महिला ने युवक को प्यार के जाल में फंसाया और शादी का भरोसा देकर उससे करीब 6 लाख रुपये ले लिए. शादी वाले दिन महिला ने अपना फोन बंद कर दिया और गायब हो गई. ठगी का पता चलने के बाद युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई.
जानकारी के मुताबिक, वेमपल्ली मंडल के कथुलुरु गांव में रहने वाले एक युवक की मुलाकात कडप्पा की एक महिला से हुई थी. महिला ने युवक को भरोसा दिलाया कि वह उससे प्यार करती है और उसी से शादी करना चाहती है. युवक ने उसकी बात पर विश्वास कर लिया.
इसके बाद महिला ने अलग-अलग जरूरतों और बहानों से युवक से धीरे-धीरे करीब 6 लाख रुपये ले लिए. युवक को उस पर पूरा भरोसा था, इसलिए उसने शादी की तैयारियां शुरू कर दीं. दोनों ने साथ में शादी की खरीदारी भी की. इससे युवक और उसके परिवार को लगा कि शादी पूरी तरह तय है.
शादी की सुबह फोन हुआ बंद
शादी के दिन जब दुल्हन के आने और शादी की रस्मों की तैयारी चल रही थी, तभी महिला का फोन बंद आने लगा. युवक और उसके परिवार ने उससे संपर्क करने की काफी कोशिश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. काफी देर तक महिला की कोई जानकारी नहीं मिलने पर युवक को शक हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है.
उसे समझ आया कि शादी का भरोसा देकर उससे पैसे लिए गए और अब महिला गायब हो गई है. इसके बाद युवक ने मामले की जानकारी पुलिस को दी.
पुलिस ने महिला को हिरासत में लिया
पीड़ित युवक कडप्पा पुलिस स्टेशन पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना बताई. उसने महिला के खिलाफ लिखित शिकायत भी दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया.
पुलिस फिलहाल महिला से पूछताछ कर रही है. जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ठगी के 6 लाख रुपये कहां हैं और क्या इस मामले में महिला के साथ कोई और व्यक्ति भी शामिल है.


















