Blog

  • डॉक्टर ने कहा- आपके ड्राइवर की सर्जरी सफल रही… मालिक बोला- ‘वह ड्राइवर नहीं, 15 साल से मेरा साथी है’, इलाज का खर्च भी उठाया..

    डॉक्टर ने कहा- आपके ड्राइवर की सर्जरी सफल रही… मालिक बोला- ‘वह ड्राइवर नहीं, 15 साल से मेरा साथी है’, इलाज का खर्च भी उठाया..

    Featured Image

    अक्सर लोग अपने ड्राइवर, घरेलू मदद या कर्मचारियों को सिर्फ स्टाफ मानते हैं. लेकिन मुंबई के एक कारोबारी ने यह सोच बदलने वाली मिसाल पेश की. जब उनके 15 साल पुराने ड्राइवर को हार्ट बायपास सर्जरी की जरूरत पड़ी, तो उन्होंने बिना एक पल सोचे इलाज का पूरा खर्च उठा लिया. इतना ही नहीं, जब डॉक्टर ने उन्हें धन्यवाद कहा, तो उनका जवाब हर किसी के दिल को छू गया. उन्होंने कहा- ‘वह मेरा ड्राइवर नहीं, मेरा सहयोगी है.’

    डॉक्टर ने सरकारी अस्पताल जाने की दी थी सलाह
    मुंबई के हार्ट सर्जन डॉ. प्रशांत मिश्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस घटना को साझा किया. उन्होंने बताया कि एक ड्राइवर को हार्ट बायपास सर्जरी की जरूरत थी. प्राइवेट अस्पताल में इस ऑपरेशन का खर्च करीब 4.25 लाख रुपए था. परिवार की आर्थिक स्थिति देखते हुए डॉक्टर ने सलाह दी कि वे सरकारी अस्पताल में इलाज कराएं, जहां खर्च कम होगा. लेकिन मरीज के बेटे ने साफ कहा कि इलाज इसी अस्पताल में होगा. अगले दिन डॉक्टर को पता चला कि मरीज के मालिक ने आरटीजीएस के जरिए पूरी रकम सीधे अस्पताल के खाते में भेज दी.

    ऑपरेशन के बाद डॉक्टर ने किया फोन
    सर्जरी सफल होने के बाद डॉ. मिश्रा ने मरीज के मालिक को फोन कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा, ‘आपके सहयोग के लिए धन्यवाद, श्री शुक्ला की सर्जरी सफल रही.’  इस पर सामने से जवाब आया,’धन्यवाद डॉक्टर, आपने मेरे सहयोगी का इतना अच्छा ख्याल रखा.’ डॉक्टर को यह सुनकर हैरानी हुई. उन्होंने पूछा, ‘क्या वह आपके ड्राइवर नहीं हैं?’

    हम दोनों काम करते हैं, बस जिम्मेदारियां अलग हैं
    मालिक का जवाब डॉक्टर के लिए जिंदगी का बड़ा सबक बन गया. उन्होंने कहा, ‘वह पिछले 15 साल से मेरे साथ हैं. मैं उन्हें सिर्फ ड्राइवर नहीं मानता. मैं भी काम करता हूं और वह भी काम करते हैं. हमारी जिम्मेदारियां अलग हैं, लेकिन हम एक ही टीम का हिस्सा हैं. इसलिए वह मेरे सहयोगी हैं.’ डॉक्टर ने कहा कि यह बात उनके दिल को छू गई और उन्हें एहसास हुआ कि किसी भी कर्मचारी का सम्मान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके योगदान से होना चाहिए.

    डॉ. मिश्रा ने अपनी पोस्ट के आकिर में लिखा कि हमें अपने घरेलू सहायकों, ड्राइवरों और अन्य कर्मचारियों को सिर्फ नौकर नहीं समझना चाहिए. ये वही लोग हैं, जो हमारी रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाते हैं. इसलिए उन्हें भी बराबर सम्मान और गरिमा मिलनी चाहिए.

  • फट गया या खो गया Driving License? मोबाइल से 2 मिनट में करें डाउनलोड, जानें सबसे आसान तरीक..?

    फट गया या खो गया Driving License? मोबाइल से 2 मिनट में करें डाउनलोड, जानें सबसे आसान तरीक..?

    Featured Image

    अगर आपका ड्राइविंग लाइसेंस फट गया है या खो गया है, तो नया बनवाने के लिए तुरंत RTO जाने की जरूरत नहीं है. सरकार ने ऐसे कई तरीके दिए हैं, जिनसे आप कुछ मिनटों में फोन पर ही डिजिटल DL डाउनलोड कर सकते हैं. ड्राइविंग लाइसेंस (DL) एक जरूरी डॉक्यूमेंट है, जिसके बिना आप वाहन नहीं चला सकते. लेकिन कई बार यह फट जाता है, इसकी छपाई हल्की पड़ जाती है या फिर यह कहीं खो जाता है. ऐसे में कैसे करेंगे आप इसे डाउनलोड.

    DigiLocker से करें डाउनलोड

    अगर आप डिजिटल ड्राइविंग लाइसेंस डाउनलोड करना चाहते हैं, तो DigiLocker सबसे आसान तरीका है. इसके लिए अपने फोन में DigiLocker ऐप डाउनलोड करें या इसकी वेबसाइट खोलकर अपने अकाउंट में लॉग-इन करें.

    इसके बाद सर्च बार में Driving License लिखकर खोजें. अब अपने राज्य के परिवहन विभाग को चुनें और अपना ड्राइविंग लाइसेंस नंबर दर्ज करें. कुछ ही सेकंड में आपका लाइसेंस DigiLocker अकाउंट में दिखाई देने लगेगा. इसे आप कभी भी डाउनलोड कर सकते हैं या जरूरत पड़ने पर सीधे फोन में दिखा सकते हैं.

    WhatsApp पर भी मिलेगा ड्राइविंग लाइसेंस

    अगर आप कोई ऐप डाउनलोड नहीं करना चाहते, तो WhatsApp के जरिए भी अपना ड्राइविंग लाइसेंस पा सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले 9013151515 नंबर अपने फोन में सेव करें और इस पर Hi या Hello भेजें. इसके बाद DigiLocker Services का विकल्प चुनें. OTP से पहचान की पुष्टि करने के बाद आपके DigiLocker में मौजूद सभी डॉक्यूमेंट दिखाई देंगे. यहां Driving License चुनते ही उसका PDF सीधे WhatsApp पर डाउनलोड किया जा सकता है.

    M.Parivahan ऐप से बनाएं डिजिटल DL

    सरकार का mParivahan ऐप भी ड्राइविंग लाइसेंस डाउनलोड करने का आसान तरीका है. ऐप इंस्टॉल करने के बाद लॉग-इन करें और Create Virtual DL विकल्प पर जाएं. अब अपना ड्राइविंग लाइसेंस नंबर और जन्मतिथि भरें. इसके बाद आपकी स्क्रीन पर QR Code वाला डिजिटल ड्राइविंग लाइसेंस दिखाई देगा. इसे डाउनलोड करके आप बिना इंटरनेट के भी इस्तेमाल कर सकते हैं.

  • शानदार नौकरी और ₹2 लाख की सैलरी… फिर भी लड़की ने कहा ‘नहीं’! वजह ने सबको चौंकाया..

    शानदार नौकरी और ₹2 लाख की सैलरी… फिर भी लड़की ने कहा ‘नहीं’! वजह ने सबको चौंकाया..

    Featured Image

    Viral Post : आज के दौर में शादी सिर्फ दो लोगों का रिश्ता नहीं, बल्कि उनकी सोच, प्राथमिकताओं और जीवनशैली का भी मेल है. सोशल मीडिया पर इन दिनों नंदिनी नाम की एक वर्किंग महिला की कहानी चर्चा में है. नंदिनी आईटी सेक्टर में काम करती हैं और करीब 90 हजार रुपये महीने कमाती हैं. वह अकेले रहती हैं और अपनी स्वतंत्र जिंदगी को काफी पसंद करती हैं.

    नंदिनी ने अपने एक्स हैंडल पर एक मुलाकात से जुड़ा अनुभव साझा किया. उनके मुताबिक, परिवार के कहने पर वह एक ऐसे युवक से मिलने पहुंचीं, जिसकी मासिक आय करीब 2 लाख रुपये बताई गई. शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन बातचीत आगे बढ़ने के साथ दोनों की सोच में अंतर साफ दिखाई देने लगा.

    शादी के बाद नौकरी को लेकर हुई बात

    नंदिनी के अनुसार, युवक के माता-पिता आर्थिक रूप से उस पर निर्भर हैं. परिवार में एक शादीशुदा बहन भी है, जिसकी मदद की उम्मीद अक्सर रहती है. दूसरी तरफ नंदिनी की अपनी जिंदगी अलग है. वह अकेले रहती हैं और फिलहाल उन पर बड़ी पारिवारिक आर्थिक जिम्मेदारियां नहीं हैं.

    मुलाकात के दौरान युवक ने नंदिनी से पूछा कि अगर वह खुद को फेमिनिस्ट मानती हैं तो शादी के बाद परिवार के खर्चों में आधा योगदान करेंगी या नहीं. नंदिनी ने बिना झिझक कहा कि अगर दोनों काम कर रहे हैं तो वह अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं.

    इसके बाद बातचीत ने नया मोड़ लिया. युवक ने उनसे पूछा कि क्या वह शादी के बाद नौकरी छोड़कर घर संभाल सकती हैं. नंदिनी ने साफ कर दिया कि वह अपनी नौकरी छोड़ने के पक्ष में नहीं हैं. बताया गया कि युवक ने आगे महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता पर भी सवाल उठाया. यही बात नंदिनी को सबसे ज्यादा असहज लगी.

    फ्रेंच फ्राइज खाते हुए दिया जवाब

    नंदिनी ने गुस्सा करने के बजाय बेहद शांत तरीके से अपनी बात रखी. उन्होंने सवाल किया कि अगर युवक को ऐसी पत्नी चाहिए जो घर संभाले और नौकरी न करे, तो वह ऐसी महिला की तलाश क्यों नहीं करता जो खुद भी यही जीवन चाहती हो?

    उनका कहना था कि किसी स्वतंत्र महिला को शादी के बाद उसकी इच्छा के खिलाफ अपनी नौकरी और आर्थिक आजादी छोड़ने के लिए मजबूर करना उचित नहीं है. बातचीत के अंत में युवक ने पूछा कि क्या नंदिनी उसे रिजेक्ट कर रही हैं. नंदिनी ने स्पष्ट रूप से हां कहा और बताया कि वह अपनी स्वतंत्रता और मौजूदा जीवनशैली को महत्व देती हैं. इसके बाद उन्होंने अपना हिस्सा खुद चुकाया और वहां से चली गईं. नंदिनी के मुताबिक, उनकी मां इस फैसले से करीब दो सप्ताह तक नाराज रहीं, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई.

    सोशल मीडिया पर मिली प्रतिक्रिया

    नंदिनी की कहानी सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई. कई यूजर्स ने उनके फैसले का समर्थन किया. लोगों का कहना था कि शादी में दोनों पक्षों की अपेक्षाएं पहले से स्पष्ट होना बेहतर है.

    कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि अगर किसी व्यक्ति को गृहिणी जीवनसाथी चाहिए, तो उसे उसी तरह की सोच रखने वाले साथी की तलाश करनी चाहिए. वहीं, कई लोगों ने नंदिनी की स्पष्टता की तारीफ करते हुए कहा कि शादी समझौता जरूर हो सकती है, लेकिन अपनी पहचान और पसंद को पूरी तरह छोड़ देना जरूरी नहीं.  यह खबर सोशल मीडिया पर उपलब्ध वीडियो और जानकारी पर आधारित है. न्यूज18 इस वीडियो से जुड़े दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है.

  • आटे में घुन लगने से हैं परेशान? स्टोरेज की ये देसी ट्रिक अपनाएं, लंबे समय तक रहेगा सुरक्षित..

    आटे में घुन लगने से हैं परेशान? स्टोरेज की ये देसी ट्रिक अपनाएं, लंबे समय तक रहेगा सुरक्षित..

    Featured Image

    बारिश का मौसम आते ही सिर्फ कपड़े और घर की दीवारें ही नमी से परेशान नहीं होतीं, किचन में रखा सामान भी इसका असर झेलता है. खासकर आटा. कई बार डिब्बा खोलते ही आटे में छोटे-छोटे कीड़े या घुन नजर आने लगते हैं. कभी आटा चिपचिपा-सा लगता है तो कभी उसमें अजीब गंध आने लगती है. ऐसे में पूरा आटा फेंकना पड़ता है और मेहनत के साथ पैसे भी बर्बाद होते हैं.

    दरअसल, मानसून में हवा में नमी बढ़ जाती है और आटा इस नमी को जल्दी सोख लेता है. अगर इसे ठीक से स्टोर न किया जाए तो उसमें घुन और छोटे कीड़े पनप सकते हैं. अच्छी बात यह है कि इससे बचने के लिए बहुत महंगे या मुश्किल उपाय करने की जरूरत नहीं है. घर में थोड़ी सावधानी रखकर आटे को लंबे समय तक बेहतर तरीके से सुरक्षित रखा जा सकता है. बस इन आसान बातों का ध्यान रखें.

    1. बारिश में ज्यादा आटा भरकर न रखें
    मानसून में कोशिश करें कि जरूरत के हिसाब से ही आटा खरीदें. अगर घर में रोज आटा इस्तेमाल होता है तो भी बहुत ज्यादा मात्रा में स्टॉक करने से बचना बेहतर है. लंबे समय तक रखा आटा नमी पकड़ सकता है और उसमें घुन लगने की आशंका बढ़ जाती है. इसलिए जितना आटा कुछ हफ्तों में आसानी से इस्तेमाल हो जाए, उतनी ही मात्रा रखना ठीक रहेगा. इससे डिब्बा भी बार-बार खुला नहीं रहेगा और पुराना आटा जमा होने की समस्या भी नहीं होगी.

    2. एयरटाइट डिब्बा सबसे जरूरी
    आटे को उसके पैकेट में खोलकर छोड़ने के बजाय किसी अच्छे एयरटाइट डिब्बे में रखें. डिब्बे का ढक्कन अच्छी तरह बंद होना चाहिए, ताकि बाहर की नमी अंदर न पहुंचे. एक बात का ध्यान रखें कि डिब्बा साफ होने के साथ पूरी तरह सूखा भी हो. अगर पहले उसमें कोई दूसरा सामान रखा था, तो उसे धोकर अच्छी तरह सुखाएं और उसके बाद ही आटा भरें.

    3. डिब्बे में नमी बिल्कुल न रहने दें
    कई बार हम डिब्बा धोकर तुरंत उसमें आटा भर देते हैं. यही छोटी-सी गलती बाद में परेशानी बन सकती है. डिब्बे में पानी या नमी की थोड़ी-सी मात्रा भी आटे को प्रभावित कर सकती है. डिब्बा धोने के बाद उसे कुछ देर खुला रखकर अच्छी तरह सुखाएं. अगर संभव हो तो धूप में सुखाकर इस्तेमाल करें. आटा भरते समय कंटेनर अंदर से बिल्कुल सूखा होना चाहिए.

    4. गैस और सिंक के पास न रखें आटा
    आटे का डिब्बा ऐसी जगह न रखें जहां रोज पानी की छींटें पड़ती हों या खाना बनाते समय भाप पहुंचती हो. गैस चूल्हे के बिल्कुल पास रखने से भी बचें. सिंक के नीचे या खिड़की के पास रखना भी मानसून में सही नहीं है. किचन की कोई ऐसी अलमारी चुनें जो सूखी और साफ हो. आटे का डिब्बा जमीन पर रखने के बजाय सूखी शेल्फ या कैबिनेट में रखना ज्यादा बेहतर है.

    5. आटे में तेजपत्ता रख सकते हैं
    आटे में घुन से बचाव के लिए कई घरों में तेजपत्ते का इस्तेमाल किया जाता है. साफ और पूरी तरह सूखे तेजपत्ते को आटे के डिब्बे में रखा जा सकता है. इससे घुन बिल्कुल नहीं लगेगा. कुछ लोग सूखी नीम की पत्तियां भी रखते हैं. अगर ऐसा करें तो पत्तियां पूरी तरह सूखी और साफ हों, ताकि आटे में अतिरिक्त नमी न जाए.

  • महंगाई ने रोमांस का बजट किया कम! अब कपल्स महंगे रेस्टोरेंट नहीं, कर रहे Low-Budget Date

    महंगाई ने रोमांस का बजट किया कम! अब कपल्स महंगे रेस्टोरेंट नहीं, कर रहे Low-Budget Date

    Featured Image

    आजकल डेट पर जाना सिर्फ क्या पहनें और कहां जाएं तक सीमित नहीं रह गया है. डेट से पहले कपड़े, ग्रूमिंग, कैब या पेट्रोल और फिर रेस्टोरेंट का बिल… हर चीज जेब पर भारी पड़ती है. यही वजह है कि Gen Z और मिलेनियल्स के बीच अब महंगी डेट के बजाय कम खर्च में साथ वक्त बिताने का ट्रेंड बढ़ रहा है. इसे Infladating या Dateflation कहा जा रहा है.

    डेटिंग पर समझदारी से पैसा खर्च करना
    Infladating दो शब्दों Inflation और Dating से मिलकर बना है. आसान भाषा में इसका मतलब है महंगाई को देखते हुए डेटिंग पर समझदारी से पैसा खर्च करना. यानी पहली मुलाकात के लिए महंगे रेस्टोरेंट, लग्जरी गिफ्ट या लंबी ड्राइव जरूरी नहीं. अब लोग पार्क में टहलने, कॉफी पीने, घर पर खाना बनाने या साथ फिल्म देखने जैसे सस्ते विकल्प चुन रहे हैं.

    अमेरिका में एक डेट का औसत खर्च 18 हजार रुपए तक पहुंचा
    महंगाई का असर डेटिंग पर कितना पड़ा है, इसका अंदाजा अमेरिका के आंकड़ों से लगाया जा सकता है. BMO Financial Group के 2026 Real Financial Progress Index के मुताबिक, अमेरिका में एक डेट का औसत खर्च करीब 189 डॉलर यानी लगभग 18 हजार रुपए तक पहुंच गया है. इसमें डेट पर होने वाले खर्च के साथ ग्रूमिंग, आने-जाने के लिए गैस आदि का खर्च भी शामिल है. रिपोर्ट के अनुसार, 2025 में डेटिंग कर रहे लोगों ने साल में औसतन 12 डेट कीं, जबकि 2024 में यह संख्या 14 थी. यानी खर्च बढ़ने के साथ लोगों ने डेट की संख्या भी कम कर दी. एक सर्वे में Gen Z ने एक डेट पर औसतन 205 डॉलर और मिलेनियल्स ने 252 डॉलर खर्च किए. करीब 47% सिंगल्स का मानना था कि डेटिंग उनके लिए खर्च के हिसाब से बहुत महंगी पड़ रही है.

    अब महंगी डेट के बदले क्वालिटी टाइम जरूरी
    Infladating को सिर्फ पैसे बचाने का तरीका समझना सही नहीं होगा. रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स का मानना है कि कम बजट वाली डेट कई बार रिश्ते के लिए ज्यादा बेहतर हो सकती है. महंगे डिनर की जगह पार्क में वॉक, घर पर साथ खाना बनाना, लाइब्रेरी जाना या फिल्म देखना लोगों को एक-दूसरे से बात करने और समझने का ज्यादा मौका देता है.

    पहली डेट पर जरूरत से ज्यादा खर्च भी रेड फ्लैग
    दिलचस्प बात यह है कि डेट पर बहुत ज्यादा पैसा खर्च करना अब हमेशा अच्छी बात नहीं मानी जा रही. पहली ही मुलाकात में महंगा डिनर, महंगे गिफ्ट या जरूरत से ज्यादा रोमांस सामने वाले को प्रभावित करने के बजाय सवाल खड़े कर सकता है. अगर किसी रिश्ते में शुरुआत से ही दिखावे और पैसों का दबाव ज्यादा हो, तो यह रेड फ्लैग भी हो सकता है.

    पैसे पर खुलकर बात करना भी डेटिंग का हिस्सा
    Infladating का एक फायदा यह भी है कि युवा अब रिश्तों में पैसों को लेकर ज्यादा खुलकर बात कर रहे हैं. पहले पार्टनर के सामने अपनी खर्च की आदतों पर बात करना अजीब माना जाता था. अब Financial Compatibility भी रिश्ते का अहम हिस्सा बन रही है.

  • बच्चे के हाथ में खिलौना नहीं, था सांप! नागदेवता संग खेलते बेटे को देखकर मां के उड़ गए होश..

    बच्चे के हाथ में खिलौना नहीं, था सांप! नागदेवता संग खेलते बेटे को देखकर मां के उड़ गए होश..

    Featured Image

    सोशल मीडिया पर रोजाना कई तरह के वीडियो वायरल होते हैं. कुछ मनोरंजक होते हैं तो कुछ दिल दहला देने वाले. हाल ही में एक ऐसा ही वीडियो सामने आया है जिसे देखकर किसी भी माता-पिता की रूह कांप जाए. वीडियो में एक छोटा बच्चा दिख रहा है जो हजारों रुपये के खिलौनों से खेल रहा है. मां पास में बैठी हैं और फोन में व्यस्त हो जाती है. इतने में मासूम की नजर पास में रेंगते एक सांप पर पड़ती है. बच्चा बिना किसी डर के सांप के पास चला जाता है और उससे खेलने लगता है.

    हाथ में सांप उठाए बच्चे को देखकर मां की चीख निकल जाती है. यह दृश्य इतना चौंकाने वाला है कि देखने वाले भी सदमे में चले जाएं. बच्चा सांप को खिलौना समझकर उसके साथ खेलने लगा. नागदेवता कहकर लोग सांपों का सम्मान करते हैं लेकिन जंगली या घर में घुसा सांप जानलेवा हो सकता है. भारत में सांप के काटने से हर साल हजारों लोग प्रभावित होते हैं. बच्चों के मामले में जोखिम और बढ़ जाता है क्योंकि वे खतरे को समझ नहीं पाते.

    निडर होकर सांप संग खेला
    वीडियो में साफ दिखता है कि बच्चा पहले रंग-बिरंगे खिलौनों से व्यस्त था. मां भी वहीं बैठी थी लेकिन थोड़ी देर के लिए अपना फोन देखने लगती है. इतने में सांप कमरे में या पास के इलाके से रेंगता हुआ आ जाता है. बच्चा जिज्ञासावश उसके पास पहुंच जाता है. सांप भी शांत बैठा रहता है या धीरे-धीरे हिलता है. मां जब नजर उठाती हैं तो उनका दिल बैठ जाता है. वे चीखती हुई बच्चे की तरफ दौड़ती है. आगे का हिस्सा कई वर्जन में अलग-अलग दिखाया गया है लेकिन मुख्य संदेश एक ही है—लापरवाही कितनी महंगी पड़ सकती है.

    हो सकती थी बड़ी दुर्घटना
    इस तरह की घटनाएं याद दिलाती हैं कि बच्चों की निरंतर निगरानी कितनी जरूरी है. छोटे बच्चे हर चीज को खेल समझते हैं. चमकदार वस्तु, हिलती-डुलती चीज या नया जीव उन्हें आकर्षित करता है. सांप की त्वचा चमकदार होती है और उसकी हरकत बच्चों को खिलौने जैसी लगती है. वे डरना नहीं जानते. इसलिए माता-पिता को हर पल सतर्क रहना पड़ता है. भारत में सांप कई इलाकों में आम है. ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों के पास या घरों में छिपकर रह जाते हैं. शहरों में भी निर्माण कार्यों या हरियाली वाले इलाकों में सांप दिख सकते हैं. बरसात के मौसम में उनका आना बढ़ जाता है. घर में सांप घुसने के कई कारण होते हैं- अंतराल, खुले नाले, अनाज का भंडारण या अंधेरे कोने. नियमित सफाई और दरारों को बंद रखना जरूरी है. अगर कभी सांप दिखे तो घबराएं नहीं. बच्चे को तुरंत सुरक्षित दूरी पर ले जाएं. सांप को खुद पकड़ने या मारने की कोशिश ना करें. विशेषज्ञ या वन विभाग की टीम को बुलाएं.

     

  • गर्मी से राहत का देसी उपाय! ये 7 पेड़ घर और आसपास का तापमान रखने में कर सकते हैं मदद..

    गर्मी से राहत का देसी उपाय! ये 7 पेड़ घर और आसपास का तापमान रखने में कर सकते हैं मदद..

    Featured Image

    गर्मी से राहत देने वाले पेड़। (फोटोः एआई)

    गर्मी से राहत पाने के लिए पेड़ एक प्राकृतिक, प्रभावी और टिकाऊ उपाय हैं। वे छाया देने के साथ ही हवा को ठंडा करने, सतहों का तापमान कम करने और ऊर्जा की खपत घटाने में भी सहायक होते हैं। हालिया शोध और रिपोर्टों से पता चलता है कि कुछ विशेष वृक्ष और रणनीतियां शहरी और ग्रामीण दोनों वातावरण में गर्मी को काफी हद तक कम कर सकती हैं।

    सबसे पहले, पेड़ों की ठंडक देने की क्षमता का वैज्ञानिक आधार समझना जरूरी है। पेड़ दो मुख्य तरीकों से तापमान घटाते हैं- छाया और वाष्पोत्सर्जन (evapotranspiration)। छाया सीधे सूर्य की किरणों को रोकती है, जिससे भूमि और आसपास की सतहें गर्म नहीं होतीं। वाष्पोत्सर्जन के माध्यम से पेड़ पत्तों से जलवाष्प छोड़ते हैं, जो हवा को ठंडा करता है। कुछ अध्ययन बताते हैं कि पेड़ की छाया सतह का तापमान 20 °C से अधिक तक कम कर सकती है, और आसपास की हवा का तापमान 2–3 °C तक घट सकता है।

    लेकिन केवल पेड़ लगाने से ही काम नहीं चलता। एक अध्ययन में पाया गया कि बहुत घनी हरियाली, विशेषकर नम और बंद वातावरण में, वाष्पोत्सर्जन से बढ़ी नमी गर्मी की अनुभूति (Heat Index) को 2 °C तक बढ़ा सकती है। इसलिए, पेड़ों के साथ झाड़ियां, ग्राउंड कवर और ग्रीन रूफ जैसी विविध हरियाली का संयोजन आवश्यक है।

    गर्मी से बचाने में प्रभावी पेड़

    नीम: यह भारत का एक प्रसिद्ध और गर्मी सहिष्णु वृक्ष है। इसकी घनी छाया और उच्च वाष्पोत्सर्जन क्षमता इसे गर्मी में अत्यंत उपयोगी बनाती है।

    आम: बड़े पत्तों वाला यह वृक्ष व्यापक छाया देता है और गर्मी से राहत में सहायक होता है। कुछ रिपोर्टों में बताया गया है कि इसे घर के पश्चिमी हिस्से में लगाने से अंदर का तापमान 3–5 °C तक कम हो सकता है।

    पीपल: विशाल छत्र वाला यह वृक्ष गहरी छाया प्रदान करता है और लंबे समय तक ठंडक बनाए रखता है।

    सहजन (मोरिंगा): तेजी से बढ़ने वाला यह वृक्ष हल्की लेकिन प्रभावी छाया देता है और लगभग किसी भी मिट्टी में उग जाता है।

    बरसाती वृक्ष, इंडियन कॉर्क, कदम्ब: ये बड़े और घने वृक्ष हैं, जो गहरी छाया और ठंडक प्रदान करते हैं, विशेषकर बड़े प्लॉटों में।

    जामुन, अशोक, गुलमोहर: ये पेड़ शहरी परिस्थितियों में छाया, प्रदूषण सहनशीलता और सौंदर्य, तीनों प्रदान करते हैं।

    चीकू: एक वास्तुशिल्प उदाहरण में देखा गया कि चीकू के पेड़ ने घर के आसपास की जगह को इतना ठंडा बना दिया कि लोग तुरंत राहत महसूस कर सके।

    तालिका से समझिएः

    पेड़ का नामठंडक देने का तरीकाविशेषता / उपयोगितानीमघनी छाया, वाष्पोत्सर्जनगर्मी सहिष्णु, कम देखभाल में बढ़ताआमव्यापक छायाघर के पश्चिमी हिस्से को ठंडा करता हैपीपलगहरी छायालंबे समय तक ठंडक बनाए रखता हैसहजन (मोरिंगा)तेज विकास, हल्की छायाकिसी भी मिट्टी में उगता हैबरसाती वृक्ष, कॉर्क, कदम्बगहरी छाया, बड़े आकारबड़े प्लॉटों में उपयुक्तजामुन, अशोक, गुलमोहरछाया + सौंदर्यशहरी वातावरण में उपयुक्तचीकूछाया + ठंडक अनुभववास्तुशिल्प में ठंडक का प्रतीक

    लेकिन केवल पेड़ लगाने से ही काम नहीं चलता। शहरों में पेड़ों को फैलाव में और लोगों के रास्तों, बाजारों, स्कूलों के आसपास लगाना चाहिए, ताकि छाया और ठंडक सीधे लोगों तक पहुंचे। साथ ही, पेड़ों की देखभाल, रोग-नियंत्रण और समय पर प्रतिस्थापन की व्यवस्था भी होनी चाहिए।

    शहरी योजनाओं में पेड़ों के साथ हल्के शेड, परावर्तक सतहें और ब्लू-ग्रीन इन्फ्रास्ट्रक्चर (जैसे पानी और हरियाली का संयोजन) भी शामिल होना चाहिए। एक रिपोर्ट में बताया गया है कि इन उपायों से सतह का तापमान 22 °C तक कम हो सकता है और आसपास की हवा भी ठंडी होती है।

    इस बात का रखें ध्यान

    यह समझना आवश्यक है कि पेड़ गर्मी से बचाने में एक प्राकृतिक और प्रभावी उपाय हैं, लेकिन उन्हें सही स्थान, सही संयोजन और देखभाल के साथ लगाना ही उन्हें प्रभावी बनाता है। नीम, आम, पीपल, सहजन जैसे पेड़ घर और शहर दोनों में ठंडक और आराम ला सकते हैं। यदि आप अपने घर, स्कूल या मोहल्ले में ठंडक बढ़ाना चाहते हैं, तो इन पेड़ों को उचित स्थान पर लगाना और उनकी देखभाल करना पहला कदम हो सकता है।

    आगे का कदम: अपने आसपास की जगह का आकलन करें, कहां अधिक धूप पड़ती है, किस दिशा से हवा आती है, कितनी जगह उपलब्ध है और उसी अनुसार उपयुक्त पेड़ चुनें। साथ ही, स्थानीय कृषि विभाग या वन विभाग से सलाह लेकर पौधों की देखभाल और जल प्रबंधन सुनिश्चित करें।

  • अंतिम संस्कार के बाद घर में चल रहा था शांति पाठ, तभी दरवाजे पर पहुंचा ‘मृत’ शख्स! परिवार के उड़े होश

    अंतिम संस्कार के बाद घर में चल रहा था शांति पाठ, तभी दरवाजे पर पहुंचा ‘मृत’ शख्स! परिवार के उड़े होश

    उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने परिवार और पुलिस दोनों को सकते में डाल दिया। जिस शख्स को मृत समझकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया था, वही अचानक जिंदा घर लौट आया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि जब वह घर पहुंचा, तब उसके नाम का शांति पाठ चल रहा था। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर जिस शव का अंतिम संस्कार किया गया, वह किसका था?

    मामला अजीतमल कोतवाली क्षेत्र का है। हाईवे किनारे करीब 40 साल के एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और उसकी पहचान के लिए तस्वीरें सार्वजनिक कीं। इसके बाद एक परिवार ने शव की पहचान अपने बेटे के रूप में कर दी। पहचान के आधार पर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया और उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।

    इधर, जिस शख्स को मृत समझा जा रहा था, उसकी पत्नी को यकीन था कि उसका पति अभी जिंदा है। अंतिम संस्कार की खबर मिलने के बाद उसने उस मोबाइल नंबर पर संपर्क किया, जिससे पहले उसके पति की बातचीत होती थी। फोन पर पति की आवाज सुनते ही उसके होश उड़ गए। उसने पूरी घटना बताई और तुरंत घर लौटने के लिए कहा।

    दरअसल, वह शख्स काफी समय से घर से बाहर रह रहा था। पहले उसने पंजाब में काम किया, फिर ट्रक पर हेल्पर की नौकरी की और बाद में ग्वालियर में प्लंबर का काम करने लगा। कुछ समय पहले वह अपनी ससुराल भी गया था, लेकिन वहां किसी के न मिलने पर वापस ग्वालियर लौट गया।

    पत्नी की बात सुनने के बाद वह गांव पहुंचा। संयोग से उस वक्त घर में उसी के नाम का शांति पाठ चल रहा था। जैसे ही परिवार और ग्रामीणों ने उसे दरवाजे पर जिंदा खड़ा देखा, हर कोई हैरान रह गया। कुछ देर तक किसी को यकीन ही नहीं हुआ कि जिसे मृत मानकर अंतिम संस्कार कर दिया गया था, वह सामने जिंदा खड़ा है।

    मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शख्स तथा उसकी पत्नी से पूछताछ की। अब पुलिस उस शव की पहचान दोबारा कराने में जुटी है, जिसका अंतिम संस्कार परिवार ने अपने सदस्य के रूप में किया था।

    सबसे बड़ा रहस्य यही है कि आखिर हाईवे किनारे मिला वह शव किसका था और परिवार ने उसकी पहचान गलत कैसे कर दी? इस सवाल का जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगा।

  • हर महिला को पता होने चाहिए गर्भाशय कैंसर के ये संभावित लक्षण, नजरअंदाज न करें ये संकेत..

    हर महिला को पता होने चाहिए गर्भाशय कैंसर के ये संभावित लक्षण, नजरअंदाज न करें ये संकेत..

    महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी कई ऐसी बीमारियां हैं, जिनका समय पर पता चलना बेहद जरूरी है। गर्भाशय से जुड़े कैंसर के मामले में भी शुरुआती संकेतों को पहचानना और सही समय पर डॉक्टर से सलाह लेना महत्वपूर्ण होता है। हालांकि, नीचे बताए गए लक्षण केवल कैंसर की वजह से ही हों, यह जरूरी नहीं है। कई अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी इनका कारण बन सकती हैं।

    भूख में कमी

    अगर लंबे समय तक भूख कम लग रही है या सामान्य मात्रा में खाना खाने के बावजूद पेट भरा-भरा महसूस हो रहा है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। लगातार ऐसी समस्या रहने पर डॉक्टर से जांच कराएं।

    लगातार थकान

    बिना ज्यादा मेहनत किए लगातार थकान, कमजोरी या ऊर्जा की कमी महसूस होना कई स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकता है। अगर यह समस्या लंबे समय तक बनी रहे, तो चिकित्सकीय सलाह लेना बेहतर है।

    बिना वजह वजन कम होना

    बिना डाइटिंग या किसी खास वजह के लगातार वजन कम होना एक महत्वपूर्ण चेतावनी संकेत हो सकता है। अचानक वजन घटने की स्थिति में डॉक्टर से संपर्क करके कारण की जांच करानी चाहिए।

    पेशाब करते समय दर्द या परेशानी

    पेशाब के दौरान दर्द, जलन या बार-बार पेशाब आने जैसी समस्या को नजरअंदाज न करें। इसके पीछे यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन समेत कई कारण हो सकते हैं, इसलिए लगातार परेशानी होने पर डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।

    एनीमिया या कमजोरी

    लगातार कमजोरी, चक्कर आना या एनीमिया होना शरीर में खून की कमी का संकेत हो सकता है। खासकर अगर असामान्य रक्तस्राव भी हो रहा हो, तो इसकी वजह जानने के लिए डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

    असामान्य रक्तस्राव पर दें खास ध्यान

    मासिक धर्म के बीच रक्तस्राव, संभोग के बाद ब्लीडिंग या मेनोपॉज के बाद किसी भी तरह का रक्तस्राव असामान्य माना जाता है और इसकी जांच कराना जरूरी है।

    जरूरी बात: इन लक्षणों में से कोई एक लक्षण दिखाई देने का मतलब यह नहीं है कि महिला को कैंसर ही है। लेकिन अगर लक्षण लगातार बने रहें, बढ़ते जाएं या असामान्य रक्तस्राव जैसी समस्या हो, तो बिना देरी किए स्त्री रोग विशेषज्ञ से संपर्क करें। समय पर जांच और सही चिकित्सकीय सलाह स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।

  • ‘हम 3 साल से रिलेशनशिप में हैं’… दुल्हन के प्रेमी के दावे से हड़कंप, दूल्हे ने लिया तलाक का फैसला..

    ‘हम 3 साल से रिलेशनशिप में हैं’… दुल्हन के प्रेमी के दावे से हड़कंप, दूल्हे ने लिया तलाक का फैसला..

    मनेंद्रगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में शादी के अगले ही दिन दुल्हन के ससुराल में प्रेमी की एंट्री हो गई। इससे वहां बवाल मच गया। प्रेमी दुल्हन से मिलने को अड़ा रहा। उसका कहना था कि दुल्हन उसके साथ 3 साल से रिलेशनशिप में थी। घरवालों ने दबाव डालकर उसकी शादी करवाई है। इस पर मामला थाने तक पहुंच गया। दूल्हा-दुल्हन, उनके परिजन तथा प्रेमी को पुलिस शुक्रवार की रात 2 बजे तक समझाइश देती रही, लेकिन कोई हल नहीं निकला। इधर दूल्हा पक्ष ने रिसेप्शन रद्द कर दिया तथा दूल्हे ने दुल्हन पक्ष पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए तलाक की मांग कर दी। इस दौरान पुलिस ने प्रेमी को लॉकअप में बंद कर दिया तथा दुल्हन को मायके लौटना पड़ा।

    मनेन्द्रगढ़ इलाके में एक विवाह ने उस वक्त विवाद का रूप धारण कर लिया, जब शादी के महज दूसरे दिन ही दुल्हन का कथित प्रेमी उसके ससुराल पहुंच गया और दावा किया कि वह युवती (दुल्हन) के साथ 3 साल से रिलेशनशिप में है। दोनों एक-दूसरे से प्यार करते हैं। इसलिए अपनी गर्लफ्रें ड को किसी और के होते हुए नहीं देख सकता।

    शादी 6 मई को तथा विदाई 7 मई को हुई थी। कथित प्रेमी 8 मई को दुल्हन के ससुराल पहुंच गया। बताया जा रहा है कि युवती की रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ शादी हुई थी। परिवार शादी के बाद रिसेप्शन की तैयारी में जुटा था। इसी बीच प्रेमी शुक्रवार को अचानक दुल्हन के ससुराल पहुंच गया। यहां उसने दुल्हन से मिलने की जिद शुरू कर दी।

    देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों परिवार आमने-सामने आ गए और घर के बाहर भीड़ लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रेमी लगातार यह कहता रहा कि युवती पिछले 3 साल से उसके साथ रिश्ते में थी और परिवार के दबाव में शादी हुई।

    ससुराल पक्ष इस घटनाक्रम से हैरान और नाराज नजर आया। शादी के दो दिन बाद अचानक यह विवाद चर्चा का विषय बन गया। वहीं दुल्हन के मायके वालों को भी थाने बुलाया गया। उसके बाद लडक़ी पक्ष ने मनेन्द्रगढ़ सिटी कोतवाली पहुंच जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर हालात को संभालने की कोशिश की। विवाद बढ़ता देख पुलिस दूल्हा-दुल्हन और कथित प्रेमी को थाने लेकर पहुंची।

    पीछे सेे लडक़ी के मायके और दुल्हे पक्ष के लोग भी पहुंच गए। यहां रात करीब 2 बजे तक समझाइश और पूछताछ चलती रही। लेकिन कई घंटे तक चले ड्रामे के बाद कोई समाधान नहीं निकला। थाना प्रभारी ने दुल्हन के परिजन व दूल्हे को बुलाकर आपस में बात भी करवाई, लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकल पाया।

    प्रेमी को लॉकअप में किया बंद

    इधर दूल्हे ने थाना में साफ कहा कि दुल्हन को अब वह नहीं रखेगा। फिर अपने परिवार के साथ निकल गया। बताया जा रहा है कि प्रेमी थाने में भी जिद पर अड़ा रहा और युवती के साथ रहने की बात कहता रहा। मामले में पुलिस ने शांति भंग होने की आशंका के चलते लॉकअप में बंद कर दिया।

    दूल्हा पक्ष ने रिसेप्शन भी किया रद्द

    घटनाक्रम के बाद दूल्हा और उसका परिवार बेहद नाराज हो गया। शादी के बाद होने वाला रिसेप्शन भी रद्द कर दिया गया। इससे दुल्हन को बिना रिसेप्शन थाने से ही अपने मायके लौटना पड़ गया। शादी को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ जारी है।

    हालांकि, लकड़ी पक्ष ने थाने में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है, जबकि दूल्हे ने शिकायत कर कहा कि मुझे अब तलाक चाहिए क्योंकि धोखे में रख कर मेरी शादी कराई गई है। मेरे पूरा सामान लौटाया जाए।