Blog

  • भारतीय रेलवे में पहली बार सफर कर चौंका विदेशी कपल, पर्दों वाले AC केबिन ने जीता दिल, गंदे टॉयलेट से हुए परेशान!

    भारतीय रेलवे में पहली बार सफर कर चौंका विदेशी कपल, पर्दों वाले AC केबिन ने जीता दिल, गंदे टॉयलेट से हुए परेशान!

    भारतीय रेलवे में पहली बार सफर कर चौंका विदेशी कपल, पर्दों वाले AC केबिन ने....

    भारत घूमने आने वाले विदेशी पर्यटकों के लिए यहां की सड़कें, बाजार, खाना और भीड़ अक्सर एक अलग ही अनुभव लेकर आते हैं. लेकिन जब बात भारतीय रेलवे की आती है, तो कहानी और भी दिलचस्प हो जाती है. ट्रेन में सफर करना सिर्फ एक जगह से दूसरी जगह पहुंचना नहीं, बल्कि भारत की रोजमर्रा की जिंदगी को करीब से देखने का मौका भी होता है. कुछ ऐसा ही अनुभव नीदरलैंड और मोल्दोवा से भारत घूमने आए मशहूर ट्रैवल ब्लॉगर कपल Wes और Nico का रहा. करीब एक महीने से भारत की अलग-अलग जगहों की यात्रा कर रहे इस कपल ने अब दिल्ली से आगरा तक ट्रेन में अपने पहले सफर का अनुभव सोशल मीडिया पर शेयर किया है. दिल्ली में पहुंचने के पहले ही दिन फोन चोरी होने का अनुभव शेयर करने के बाद अब कपल का भारतीय रेलवे से जुड़ा वीडियो चर्चा में है. करीब 43 सेकंड के इस वीडियो में उन्होंने ट्रेन के अंदर की सुविधाओं से लेकर सफाई, खाना और आगरा स्टेशन पर हुई अफरा-तफरी तक का जिक्र किया है. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं.

    663 रुपये में बुक किया AC स्लीपर केबिन
    इंस्टाग्राम अकाउंट @boutique.diaries पर 29 अगस्त को शेयर किए गए वीडियो में Nico ने बताया कि उन्होंने दिल्ली से आगरा तक करीब दो घंटे के सफर के लिए एक स्लीपर केबिन बुक किया था. ट्रेन में चढ़ने और सही कोच और सीट तलाशने में उन्हें थोड़ी परेशानी जरूर हुई, लेकिन जैसे ही वो अपने केबिन तक पहुंचे, उनकी उम्मीद के बिल्कुल उलट तस्वीर सामने थी. Nico के मुताबिक, उन्हें उम्मीद थी कि ट्रेन की हालत शायद काफी खराब होगी, लेकिन केबिन देखकर उन्हें अच्छा-खासा सरप्राइज मिला. उनका कहना था कि केबिन काफी साफ, बड़ा और एयर-कंडीशंड था. अंदर दो बेड, प्राइवेसी के लिए पर्दे, शीशा और ठीक से काम करने वाली लाइटें भी थीं. कपल के लिए सबसे खास बात यह रही कि करीब 6 यूरो यानी लगभग 663 रुपये में उन्हें इस तरह की सुविधा मिली. Nico ने माना कि इस कीमत के हिसाब से ट्रेन का अनुभव उनकी उम्मीद से कहीं बेहतर था. सफर के दौरान कपल ने ट्रेन में मिलने वाली दूसरी सुविधाओं पर भी ध्यान दिया. Nico ने बताया कि यात्री ट्रेन में खाना भी ऑर्डर कर सकते हैं. इसके अलावा ट्रेन के अंदर कई वेंडर्स भी घूमते हुए नजर आए, जो यात्रियों को खाने-पीने की चीजें बेच रहे थे. हालांकि, कपल ने इन वेंडर्स से कुछ खरीदना पसंद नहीं किया. यानी ट्रेन में सफर करते हुए उन्हें खाने के लिए कई विकल्प दिखाई दिए. हालांकि, हर चीज उन्हें पसंद आई हो, ऐसा नहीं था.

    टॉयलेट की हालत ने किया निराश
    जहां केबिन ने विदेशी कपल को उम्मीद से ज्यादा प्रभावित किया, वहीं ट्रेन के टॉयलेट को लेकर उनका अनुभव काफी अलग रहा. Nico ने साफ तौर पर कहा कि टॉयलेट काफी गंदे थे और वहां से बदबू भी आ रही थी. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उनका सफर सिर्फ करीब दो घंटे का था, इसलिए इस परेशानी को ज्यादा देर तक झेलना नहीं पड़ा. कुल मिलाकर कपल ने ट्रेन के सफर को उसकी कीमत के मुकाबले अच्छा बताया. लेकिन असली परेशानी उन्हें आगरा पहुंचने के बाद हुई.

     



  • डायबिटीज में दोपहर बाद आती है सुस्ती? ब्लड शुगर कंट्रोल रखने के लिए डायटीशियन से जानें 5 हेल्दी ड्रिंक्स..

    डायबिटीज में दोपहर बाद आती है सुस्ती? ब्लड शुगर कंट्रोल रखने के लिए डायटीशियन से जानें 5 हेल्दी ड्रिंक्स..

    Featured Image

    डायबिटीज मरीजों के लिए ब्लड शुगर को कंट्रोल करना बेहद जरूरी है। डायबिटीज मरीजों की ब्लड शुगर अक्सर खाने के बाद बढ़ने लगती है और दोपहर 3 बजे तक शरीर में कमजोरी और थकान महसूस होने लगती है। डॉक्टरों के अनुसार यह स्थिति आमतौर पर ब्लड शुगर के स्तर में अचानक उतार-चढ़ाव के कारण होती है। ऐसे में कई बार मरीज बिना सोचे-समझे चाय, कॉफी या पैक्ड जूस का सहारा ले लेते हैं, जो शुगर लेवल को और अधिक बिगाड़ सकता है।

    रजिस्टर डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट, इंटीग्रेटेड एवं फंक्शनल गट-हेल्थ विशेषज्ञ और हर्बलिस्ट जेना वोल्पे ने इटिंग वेल में छपे एक आर्टिकल में बताया है कि अगर आप डायबिटीज के शिकार हैं और दोपहर बाद आपकी शुगर बढ़ने लगती है तो आप अपनी डाइट में कुछ हेल्दी और असरदार ड्रिंक का सेवन करें। कुछ ड्रिंक का सेवन करने से गट हेल्थ में सुधार होता है, इंसुलिन का नेचुरल तरीके से निर्माण होता है और ब्लड शुगर का स्तर भी नॉर्मल रहता है।  डाइटिशियन के अनुसार, दोपहर के समय कम या बिना चीनी वाले कुछ ड्रिंक ब्लड शुगर को मैनेज करने वाली डाइट का हिस्सा हो सकते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि कौन-कौन से ऐसे ड्रिंक है जिनका सेवन करके डायबिटीज मरीज दोपहर में होने वाली कमजोरी और थकान का इलाज कर सकते हैं और शुगर भी नॉर्मल रख सकते हैं।

    बिना चीनी वाला स्पार्कलिंग वॉटर पिएं

    बिना चीनी वाला स्पार्कलिंग वॉटर दोपहर के समय एक अच्छा ड्रिंक साबित हो सकता है। इसमें नींबू या लाइम का ताजा रस मिलाया जा सकता है। यह मीठा सोडा या शुगर वाले ड्रिंक्स की तुलना में कम चीनी और कार्बोहाइड्रेट वाला विकल्प है। डायबिटीज मरीजों की बॉडी को हाइड्रेट रखने में ये ड्रिंक असरदार साबित होता है। हेल्थलाइन के मुताबिक प्लेन स्पार्कलिंग वॉटर में 0 कैलोरी और 0 कार्बोहाइड्रेट होता हैं। मीठे सोडा की जगह इसे पीने से शरीर में अचानक इंसुलिन और ब्लड शुगर स्पाइक होने का जोखिम नहीं रहता। याद रखें कि बाजार से स्पार्कलिंग वॉटर खरीदते समय न्यूट्रिशन लेबल जरूर जांचें कि उसमें ‘No Added Sugar’ या ‘Zero Carbs’ लिखा हो। यदि आपको एसिडिटी या पेट फूलने की समस्या है, तो सादा पानी पीने को ही प्राथमिकता दें।

    ग्रीन टी का करें सेवन

    ग्रीन टी न सिर्फ कैलोरी और चीनी से फ्री ड्रिंक है बल्कि इसमें एंटीऑक्सीडेंट भी पाए जाते हैं। 2024 की एक समीक्षा में ग्रीन टी के सेवन से फास्टिंग ब्लड शुगर, इंसुलिन रेजिस्टेंस और HbA1c में मामूली सुधार देखा गया। Diabetes & Metabolism Journal में छपी खबर के मुताबिक ग्रीन टी में मौजूद मुख्य पॉलीफेनोल और एंटीऑक्सीडेंट EGCG (Epigallocatechin Gallate) इंसुलिन की कार्यक्षमता को बेहतर बनाता है। इससे कोशिकाएं ग्लूकोज को सही तरीके से अवशोषित कर पाती हैं और इंसुलिन रेजिस्टेंस कम होता है।

    प्रोटीन और फाइबर से भरपूर स्मूदी पिएं

    स्मूदी को अक्सर ज्यादा शुगर वाला पेय माना जाता है, लेकिन सही सामग्री के साथ बनाई गई स्मूदी दोपहर के समय बेहतर विकल्प हो सकती है। इसमें प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट का संतुलन होता है। डाइटिशियन के अनुसार, इसमें हरी सब्जियां, ताजे फल, बिना चीनी वाला सोया मिल्क या डेयरी मिल्क, दही या केफिर और थोड़े नट्स, सीड्स या नट बटर शामिल कर उसका सेवन करें। साबुत फलों का इस्तेमाल जूस की तुलना में बेहतर विकल्प हो सकता है।

    हर्बल टी का करें सेवन

    कैमोमाइल, मिंट और अदरक जैसी हर्बल टी बिना कैफीन वाले ड्रिंक हैं और इनमें चीनी न मिलाई जाए तो ये दोपहर के समय पिया जा सकता हैं। कुछ अध्ययनों में कुछ हर्बल टी को हेल्दी तरीके से ब्लड शुगर कंट्रोल करने वाले ड्रिंक के रूप में देखा जा सकता है। दालचीनी वाली चाय भी ब्लड शुगर मैनेजमेंट में मददगार साबित होती है।  हालांकि, दालचीनी या किसी भी हर्बल ड्रिंक को डायबिटीज की दवा का विकल्प नहीं समझना चाहिए।

    कम चीनी वाला प्रीबायोटिक सोडा

    कम चीनी वाले प्रीबायोटिक सोडा में प्रीबायोटिक फाइबर मिलाया जाता है और आम सोडा की तुलना में इनमें कार्बोहाइड्रेट कम हो सकते हैं। फाइबर भोजन से कार्बोहाइड्रेट के पाचन और अवशोषण को प्रभावित कर सकता है, जिससे ब्लड शुगर में तेज बढ़ोतरी को सीमित करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, इनका सेवन भी सीमित मात्रा में करना चाहिए। ज्यादा प्रीबायोटिक फाइबर कुछ लोगों में गैस और पेट फूलने की समस्या पैदा कर सकता है।

    ब्लड शुगर के लिए ड्रिंक चुनते समय इन बातों का रखें ध्यान

    • बिना चीनी या कम चीनी वाले ड्रिंक का करें चुनाव।
    • चाय-कॉफी में अतिरिक्त चीनी या शहद डालने से बचें।
    • फलों के जूस की जगह साबुत फल या संतुलित स्मूदी बेहतर विकल्प हो सकती है।
    • सिर्फ किसी एक ड्रिंक पर निर्भर रहने के बजाय संतुलित डाइट और नियमित शारीरिक गतिविधि पर ध्यान दें।
    • डायबिटीज की दवा लेने वाले लोग अपनी दवा बिना डॉक्टर की सलाह के बंद या कम न करें।

    डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य स्वास्थ्य जागरूकता के लिए है। डायबिटीज या ब्लड शुगर से जुड़ी समस्या होने पर अपनी डाइट और दवाओं में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या रजिस्टर्ड डाइटिशियन की सलाह लें।

  • मोरिंगा क्यों कहलाता है ‘मिरेकल ट्री’? जानिए पत्तियों से लेकर बीज तक के अनोखे फायदे.

    मोरिंगा क्यों कहलाता है ‘मिरेकल ट्री’? जानिए पत्तियों से लेकर बीज तक के अनोखे फायदे.

    Featured Image

    आयुर्वेद से लेकर आधुनिक न्यूट्रिशन साइंस तक में सहजन यानी मोरिंगा (Moringa) को पोषक तत्वों का पावरहाउस माना जाता है। विटामिन-C, कैल्शियम, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर मोरिंगा की पत्तियां, फलियां और बीज न केवल इम्यूनिटी मजबूत करते हैं, बल्कि ब्लड शुगर और पाचन को दुरुस्त रखने में भी मदद करते हैं। मोरिंगा का पेड़ एक ऐसा दरख्त है जिसका हर हिस्सा काम का है; इसकी उपयोगिता की वजह से ही इसे पारंपरिक रूप से ‘मिरेकल ट्री’ भी कहा जाता है।

    आयुर्वेदिक और यूनानी दवाओं के विशेषज्ञ डॉ. सलीम जैदी के मुताबिक, “मोरिंगा की पत्तियों का सेवन करने से इम्यूनिटी मजबूत होती है और शरीर का बीमारियों से बचाव होता है। मोरिंगा की लोकप्रियता का सबसे बड़ा कारण इसकी पोषक तत्वों से भरपूर पत्तियां हैं। इनमें प्राकृतिक रूप से विटामिन A, C और E के साथ-साथ आयरन, कैल्शियम, पोटैशियम, मैग्नीशियम और फोलेट मौजूद होते हैं। इसके अलावा इनमें फाइबर, प्लांट-बेस्ड प्रोटीन और क्वेरसेटिन (Quercetin) व क्लोरोजेनिक एसिड जैसे एंटीऑक्सीडेंट भी पाए जाते हैं जो शरीर को हेल्दी रखते हैं।

    हालांकि यह कोई चमत्कारी पौधा नहीं है, लेकिन इसके अलग-अलग हिस्सों के अलग-अलग उपयोग इसे खास बनाते हैं। इसकी पत्तियों पर हुए कई अध्ययनों में पाया गया है कि इनमें मौजूद पोषक तत्व महिलाओं में हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मदद कर सकते हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार, मोरिंगा में एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन, खनिज और कई तरह के बायोएक्टिव यौगिक पाए जाते हैं, जो सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद हैं। आइए एक्सपर्ट्स और मेडिकल रिसर्च के हवाले से जानते हैं कि मोरिंगा का सेवन करने से सेहत को कौन-कौन से फायदे होते हैं।

    दिल की सेहत को बेहतर रखने में मिलती है मदद

    हेल्थ रिसर्च रिपोर्ट के मुताबिक, खराब (LDL) कोलेस्ट्रॉल बढ़ने पर धमनियों में प्लाक जमा होने लगता है, जिससे दिल के रोगों का खतरा बढ़ सकता है। अध्ययनों से पता चलता है कि मोरिंगा की पत्तियों में मौजूद यौगिक शरीर में वसा के जमाव को कम करने और LDL कोलेस्ट्रॉल के स्तर को घटाने में मदद कर सकते हैं। इसके एंटीऑक्सीडेंट गुण ब्लड वेसल्स को स्वस्थ बनाए रखने में भी मददगार माने जाते हैं।

    ब्लड शुगर कंट्रोल करने में सहायक

    लंबे समय तक ब्लड शुगर का बढ़ा रहना डायबिटीज जैसी बीमारियों का जोखिम बढ़ा सकता है। मोरिंगा की पत्तियों में मौजूद क्लोरोजेनिक एसिड खाने के बाद बढ़ने वाली शुगर को तेजी से बढ़ने से रोकता है। कुछ अध्ययनों में पाया गया कि भोजन में मोरिंगा पाउडर मिलाने से पोस्ट-मील शुगर कंट्रोल करने और इंसुलिन सेंसिटिविटी में सुधार करने में मदद मिलती है।

    एंटीऑक्सीडेंट का बेहतरीन स्रोत

    हमारे शरीर की कोशिकाएं हर दिन ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस का सामना करती हैं। प्रदूषण, तनाव और सामान्य मेटाबॉलिज्म के दौरान बनने वाले फ्री रेडिकल्स कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकते हैं। मोरिंगा की पत्तियों में क्वेरसेटिन, क्लोरोजेनिक एसिड, कैरोटेनॉयड्स और विटामिन C जैसे शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो फ्री रेडिकल्स को निष्क्रिय करने में मदद करते हैं।

    हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मिलती है मदद

    मोरिंगा की पत्तियां आयरन और फोलेट का अच्छा स्रोत हैं, जो रेड ब्लड सेल्स (RBC) के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनमें मौजूद विटामिन C शरीर में आयरन के अवशोषण (absorption) को भी बेहतर बनाता है। हालांकि, कुछ छोटे अध्ययनों में मोरिंगा के सेवन से हीमोग्लोबिन के स्तर में सुधार देखा गया है, लेकिन इसकी पूर्ण चिकित्सीय पुष्टि के लिए अभी और बड़े क्लिनिकल ट्रायल की जरूरत है।

    मोरिंगा का सेवन कैसे करें?

    1. सब्जी और करी:
      भारत में सहजन की लंबी फलियां सांभर, करी और कई पारंपरिक व्यंजनों में इस्तेमाल की जाती हैं।
    2. भूनकर सेवन:
      इसे हल्का भूनकर सब्जी की तरह खा सकते हैं या दाल व सूप में मिला सकते हैं।
    3. पाउडर के रूप में:
      सूखे पत्तों का पाउडर स्मूदी, दही या छाछ में मिलाकर लिया जा सकता है।
    4. शुरुआती मात्रा:
      शुरुआत में हमेशा कम मात्रा से सेवन करें, क्योंकि इसका स्वाद थोड़ा कसैला/मिट्टी जैसा होता है।

    डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। इसे चिकित्सकीय सलाह का विकल्प न मानें। यदि आप किसी बीमारी से पीड़ित हैं, गर्भवती हैं या नियमित दवाएं ले रहे हैं, तो मोरिंगा या किसी भी हर्बल सप्लीमेंट का सेवन शुरू करने से पहले डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।

  • बांके बिहारी की मंगला आरती साल में केवल जन्माष्टमी पर क्यों? रात 2 बजे दर्शन के पीछे छिपी है.?

    बांके बिहारी की मंगला आरती साल में केवल जन्माष्टमी पर क्यों? रात 2 बजे दर्शन के पीछे छिपी है.?

    Featured Image

    Banke Bihari Mandir: बांके बिहारी मंदिर की मंगला आरती जन्माष्टमी की विशेष सेवा है, जो साल में सिर्फ एक बार की जाती है, आखिर क्या है वजह कि साल में सिर्फ एक बार ही ये आरती होती है.

    Banke Bihari Mandir: वृंदावन के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का उत्सव अपने आप में बेहद खास होता है. देशभर के कृष्ण मंदिरों में जन्माष्टमी के बाद मंगला आरती होती है, लेकिन बांके बिहारी मंदिर की परंपरा सबसे अलग है.

    यहां मंगला आरती साल में केवल एक बार, जन्माष्टमी की रात के बाद ही होती है. मंदिर की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जन्माष्टमी पर मध्यरात्रि में महाभिषेक के बाद करीब 2 बजे से विशेष दर्शन शुरू होते हैं और मंगला आरती लगभग 3:30 बजे की जाती है.

    मंगला आरती क्या है, इसका महत्व

    सनातन परंपरा में मंगला आरती का अर्थ है भगवान को सुबह प्रेमपूर्वक जगाना और दिन की पहली सेवा करना. आमतौर पर यह सूर्योदय से पहले की जाती है. लेकिन बांके बिहारी मंदिर में ठाकुर जी को बाल स्वरूप में मानकर उनकी सेवा की जाती है इसलिए यहां उनकी दिनचर्या भी एक बालक की तरह मानी जाती है समय पर भोग, विश्राम और सेवा.

    जन्माष्टमी के अलावा क्यों नहीं होती मंगला आरती

    बांके बिहारी मंदिर की विशिष्ट परंपरा के अनुसार आम दिनों में ठाकुर जी को सुबह बहुत जल्दी जगाकर मंगला आरती नहीं की जाती. ब्रज की लोक आस्था में इसका संबंध निधिवन की रात्रिकालीन रासलीला से भी जोड़ा जाता है. मान्यता है कि ठाकुर जी रात में निधिवन में रास रचाने जाते हैं और देर रात लौटकर विश्राम करते हैं इसलिए सुबह उन्हें जगाना उचित नहीं माना जाता. हालांकि ये धार्मिक मान्यता है.

    फिर जन्माष्टमी पर क्यों खुलते हैं रात में पट?

    • जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य का उत्सव है. इसलिए इस दिन ठाकुर जी की सेवा पद्धति में विशेष बदलाव होता है.
    • मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक जन्माष्टमी की रात शयन आरती के बाद ठाकुर जी विश्राम करते हैं.
    • मध्यरात्रि में गर्भगृह में महाभिषेक होता है, जिसमें दूध, दही, शहद, घी और जल से अभिषेक किया जाता है.
    • इसके बाद उन्हें विशेष वस्त्र और आभूषण पहनाए जाते हैं. फिर करीब अभिषेक के बाद दर्शन शुरू होते हैं.
    • यही कारण है कि जन्माष्टमी की रात होने वाला दर्शन सामान्य सुबह के दर्शन से बिल्कुल अलग माना जाता है.
    • भक्त अपने आराध्य के जन्मोत्सव के तुरंत बाद बालकृष्ण के रूप में दर्शन करते हैं.

    निधिवन और कान्हा का संबंध

    निधिवन श्रीकृष्ण और राधा की रासलीला का प्रमुख स्थल रहा है. यहां लगे तुलसी के पौधों को भी भक्त विशेष श्रद्धा से देखते हैं और मान्यता है कि रात में ये गोपियों का स्वरूप धारण करते हैं. निधिवन में स्थित रंग महल को लेकर मान्यता है कि रात्रि में राधा-कृष्ण यहां विश्राम करते हैं. इसी वजह से सूर्यास्त के बाद निधिवन के अंदर किसी के रुकने की परंपरा नहीं है.

    1. बांके बिहारी मंदिर में मंगला आरती साल में केवल एक बार क्यों होती है?
    बाल स्वरूप ठाकुर जी को रात में विश्राम कराने की मान्यता के कारण सामान्य दिनों में उन्हें सुबह जल्दी नहीं जगाया जाता, जबकि जन्माष्टमी पर विशेष मंगला आरती की जाती है.

    2. जन्माष्टमी पर बांके बिहारी मंदिर में रात में दर्शन क्यों होते हैं?
    जन्माष्टमी पर मध्यरात्रि में श्रीकृष्ण का महाभिषेक और विशेष श्रृंगार किया जाता है, जिसके बाद भक्तों के लिए विशेष दर्शन खोले जाते हैं.

    3. बांके बिहारी जी की मंगला आरती का क्या महत्व है?
    मंगला आरती भगवान को प्रातः जगाने और दिन की पहली सेवा करने की परंपरा है, जन्माष्टमी पर यह श्रीकृष्ण के प्राकट्य के बाद होने वाली विशेष सेवा मानी जाती है.

    4. क्या हर भक्त बांके बिहारी जी की मंगला आरती के दर्शन कर सकता है?
    मंगला आरती के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंच सकते हैं, लेकिन प्रवेश और भीड़ की व्यवस्था मंदिर प्रशासन के निर्देशों के अनुसार होती है.

  • भारत के इस बाजार में बिक रहे हैं सांप के अंडे! कीमत सुनकर रह जाएंगे हैरान, जानिए क्यों खाते हैं लोग.

    भारत के इस बाजार में बिक रहे हैं सांप के अंडे! कीमत सुनकर रह जाएंगे हैरान, जानिए क्यों खाते हैं लोग.

    भारत में खान-पान की विविधता इतनी ज्यादा है कि एक राज्य में जो चीज सामान्य भोजन मानी जाती है, वही दूसरे हिस्से के लोगों के लिए बेहद अजीब हो सकती है। खासकर पूर्वोत्तर भारत में पारंपरिक खान-पान की अपनी अलग पहचान है। यहां कई ऐसी चीजें भोजन में शामिल की जाती हैं, जिन्हें देश के दूसरे हिस्सों में आमतौर पर नहीं खाया जाता।

    इसी बीच नागालैंड के एक स्थानीय बाजार से जुड़ी एक तस्वीर और जानकारी चर्चा में है। दावा किया जा रहा है कि बाजार में सांप के अंडे बेचे जा रहे थे। इनकी कीमत करीब 1000 रुपये प्रति दर्जन बताई गई। हालांकि, बाजार में मौजूद अंडे वास्तव में अजगर के ही थे या किसी दूसरी सांप प्रजाति के, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

    इस दावे ने लोगों का ध्यान इसलिए भी खींचा क्योंकि भारत के अधिकांश हिस्सों में सांप के अंडों को भोजन के रूप में देखना बेहद असामान्य माना जाता है।

    पूर्वोत्तर का खान-पान क्यों है इतना अलग?

    पूर्वोत्तर भारत के कई समुदायों की पारंपरिक भोजन संस्कृति प्रकृति और स्थानीय संसाधनों से गहराई से जुड़ी हुई है। जंगलों और आसपास के क्षेत्रों में उपलब्ध कई तरह के खाद्य पदार्थों का इस्तेमाल पीढ़ियों से भोजन में किया जाता रहा है।

    कुछ इलाकों में कीड़े-मकोड़े, घोंघे, रेशम के कीड़े, टिड्डे और अन्य स्थानीय खाद्य पदार्थ भी पारंपरिक व्यंजनों का हिस्सा रहे हैं। इन चीजों को कई समुदाय स्वाद के साथ-साथ पोषण के नजरिए से भी महत्वपूर्ण मानते हैं।

    नागालैंड समेत पूर्वोत्तर के राज्यों में खान-पान समुदाय और इलाके के हिसाब से काफी बदल जाता है। इसलिए किसी एक भोजन को पूरे पूर्वोत्तर की संस्कृति से जोड़ना सही नहीं होगा।

    नागालैंड के भोजन में क्या-क्या मिलता है?

    नागालैंड की पारंपरिक भोजन संस्कृति में मांसाहारी व्यंजनों की बड़ी भूमिका है। सूअर का मांस, बीफ, स्मोक्ड मीट, स्थानीय साग और बांस की कोपलों से तैयार व्यंजन कई जगहों पर लोकप्रिय हैं।

    इसके अलावा कुछ समुदायों में अलग-अलग तरह के कीड़ों और लार्वा को भी भोजन के रूप में इस्तेमाल करने की परंपरा रही है। स्थानीय बाजारों में मौसम और उपलब्धता के आधार पर ऐसे खाद्य पदार्थ दिखाई दे सकते हैं।

    यही वजह है कि नागालैंड के बाजारों में मिलने वाली कुछ चीजें देश के दूसरे हिस्सों के लोगों को हैरान कर देती हैं।

    क्या सच में बिकते हैं अजगर के अंडे?

    जिस बाजार की तस्वीर चर्चा में है, वहां मौजूद अंडों को अजगर के अंडे बताया गया है और उनकी कीमत लगभग 1000 रुपये दर्जन बताई गई है। लेकिन सिर्फ तस्वीर या सोशल मीडिया पर किए गए दावे के आधार पर अंडों की प्रजाति की पक्की पहचान नहीं की जा सकती।

    यह बात भी महत्वपूर्ण है कि भारत में कई सांप और वन्यजीव प्रजातियां कानून के तहत संरक्षित हैं। इसलिए किसी संरक्षित वन्यजीव का शिकार, अंडे इकट्ठा करना या उनका अवैध कारोबार कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है।

    इसलिए बाजार में किसी जंगली जीव से जुड़ा उत्पाद दिखाई देने का मतलब यह नहीं है कि उसका व्यापार कानूनी रूप से भी अनुमति प्राप्त है।

    सोशल मीडिया पर क्यों मचा बवाल?

    सांप के अंडों से जुड़ी जानकारी सामने आने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाएं भी अलग-अलग रहीं। कुछ लोग इसे देखकर हैरान हुए, जबकि कुछ ने इसे पूर्वोत्तर भारत की पारंपरिक खाद्य संस्कृति का हिस्सा बताते हुए समझने की बात कही।

    दरअसल, भारत की खान-पान संस्कृति बेहद विविध है। अलग-अलग इलाकों में सदियों से स्थानीय जलवायु, जंगल, कृषि और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर भोजन की परंपराएं विकसित हुई हैं।

    इसलिए किसी अनोखे खाद्य पदार्थ को देखकर हैरान होना स्वाभाविक है, लेकिन उसके पीछे की स्थानीय संस्कृति को समझना भी उतना ही जरूरी है।

    हालांकि, सांप या किसी अन्य वन्यजीव से जुड़े खाद्य पदार्थों के मामले में यह जरूर देखना चाहिए कि उनका स्रोत और बिक्री कानून के अनुरूप है या नहीं।

  • ऐसे लोगों का साथ चुनें जो आपको बेहतर बनने के लिए प्रेरित करते हैं, सकारात्मक संगति आत्मविश्वास बढ़ाती है..

    ऐसे लोगों का साथ चुनें जो आपको बेहतर बनने के लिए प्रेरित करते हैं, सकारात्मक संगति आत्मविश्वास बढ़ाती है..

    Featured Image

    एक लोक कथा है पुराने समय में एक गुरुकुल में अनेक शिष्य एक साथ रहते थे। आश्रम बहुत बड़ा था और सभी शिष्यों के रहने के लिए अलग-अलग कुटियाएं बनी हुई थीं। हालांकि शिष्य अपनी-अपनी कुटिया में रहते थे, फिर भी वे एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े रहते थे। पढ़ाई, भोजन, आश्रम की सफाई और दूसरे कामों में सभी एक-दूसरे का सहयोग करते थे।

    उन्हीं शिष्यों में एक शिष्य ऐसा था जो हर समय अपने साथियों के बीच रहता था। वह मिल-जुलकर काम करता और जरूरत पड़ने पर दूसरों की मदद भी करता था, लेकिन कुछ दिनों बाद उसके व्यवहार में अचानक बदलाव आने लगा। उसने सबसे अलग रहना शुरू कर दिया। वह न किसी से अधिक बातचीत करता और न ही सामूहिक कामों में पहले की तरह उत्साह दिखाता।

    आश्रम के दूसरे शिष्य हैरान थे। उन्होंने अपने गुरु को उसके बारे में बताया। गुरु ने कोई तुरंत सलाह नहीं दी। एक शाम वे चुपचाप उस शिष्य की कुटिया में पहुंचे।

    सर्दियों के दिन थे। कुटिया के अंदर कुछ लकड़ियां जल रही थीं और शिष्य उनके पास बैठा था। गुरु आए तो शिष्य ने सामान्य रूप से उनका अभिवादन किया। गुरु भी उसके पास बैठ गए। दोनों काफी देर तक बिना कुछ कहे शांत बैठे रहे।

    कुछ समय बाद गुरु उठे। उन्होंने जलती हुई लकड़ियों में से एक लकड़ी निकाली और उसे थोड़ी दूरी पर अलग रख दिया। शिष्य चुपचाप यह देखता रहा। कुछ ही देर में वह लकड़ी ठंडी होकर बुझ गई। उसमें आग की एक चिंगारी भी बाकी नहीं रही।

    गुरु ने फिर वही लकड़ी उठाई और उसे जलती हुई लकड़ियों के बीच रख दिया। थोड़ी ही देर में वह लकड़ी दोबारा जलने लगी और पहले की तरह गर्म हो गई।

    गुरु बिना कुछ कहे कुटिया से बाहर जाने लगे। तभी शिष्य ने हाथ जोड़कर कहा, “गुरुदेव, आपका संदेश मैं समझ गया हूं।”

    गुरु मुस्कुराए। शिष्य बोला, “जब तक लकड़ी बाकी लकड़ियों के साथ थी, तब तक वह जलती रही। अकेली होते ही बुझ गई। मनुष्य भी ऐसा ही है। संगठन और सहयोग से हमें शक्ति मिलती है। अकेले रहकर हम छोटी-छोटी कठिनाइयों से भी कमजोर पड़ सकते हैं।”

    उस दिन शिष्य को समझ आया कि आत्मनिर्भर होना अच्छी बात है, लेकिन दूसरों से जुड़ाव, सहयोग और संगठन जीवन को मजबूत बनाते हैं।

    प्रसंग की सीख

    • सही लोगों के साथ जुड़ें:
      ऐसे लोगों का साथ चुनें जो आपको बेहतर बनने के लिए प्रेरित करें। सकारात्मक संगति आत्मविश्वास और ऊर्जा बढ़ाती है।
    • मदद मांगने में संकोच न करें:
      हर समस्या का समाधान अकेले करना जरूरी नहीं है। जरूरत पड़ने पर परिवार, मित्र, सहकर्मी या किसी अनुभवी व्यक्ति से सलाह लें।
    • दूसरों की मदद करें:
      सहयोग केवल लेने का नाम नहीं है। जब आप दूसरों की मदद करते हैं, तो विश्वास और मजबूत संबंध बनते हैं।
    • अकेलेपन और एकांत में अंतर समझें:
      कुछ समय अकेले रहना आत्मचिंतन के लिए अच्छा है, लेकिन हर किसी से कट जाना समस्या का समाधान नहीं है।
    • टीमवर्क को महत्व दें:
      घर, कार्यालय या किसी भी समूह में मिलकर काम करने से जिम्मेदारियां आसान होती हैं और बेहतर परिणाम मिल सकते हैं।
    • अपनी बात साझा करें:
      मन में परेशानी दबाकर रखने के बजाय भरोसेमंद व्यक्ति से बात करें। बातचीत कई बार ऐसी राह दिखाती है जो अकेले सोचने पर दिखाई नहीं देती।
    • मतभेदों को रिश्तों पर हावी न होने दें:
      हर व्यक्ति की सोच एक जैसी नहीं होती। असहमति के बावजूद सम्मान और संवाद बनाए रखना सीखें।
    • अपना नेटवर्क मजबूत बनाएं
      : जीवन में अच्छे रिश्ते अचानक नहीं बनते। समय दें, लोगों की परवाह करें और जरूरत के समय उनके साथ खड़े रहें।
    • सामूहिक लक्ष्य बनाएं:
      जब परिवार या टीम किसी साझा उद्देश्य के लिए काम करती है, तो व्यक्तिगत प्रयासों की शक्ति कई गुना बढ़ जाती है।
    • एकता से मजबूती बढ़ती है:
      जीवन में आत्मनिर्भर बनें, लेकिन खुद को दूसरों से पूरी तरह अलग न करें। सही लोगों का साथ, साथियों की एकता कठिन समय में वही काम करते हैं जो जलती लकड़ियों का समूह उस अकेली लकड़ी के लिए करता है। जीवन में हमें अपनी पहचान और स्वतंत्र सोच जरूर बनाए रखनी चाहिए, लेकिन सहयोग, संबंध और संगठन की शक्ति को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। जिस तरह एक अकेली लकड़ी जल्दी बुझ जाती है, उसी तरह अकेला व्यक्ति कठिन परिस्थितियों में जल्दी थक सकता है। साथ मिलकर चलने से न केवल समस्याएं आसान होती हैं, बल्कि जीवन में उत्साह, विश्वास और सफलता की संभावना भी बढ़ती है।

    .

  • आयुर्वेद में गिलोय को क्यों कहा जाता है अमृत? आयुर्वेदिक एक्सपर्ट से जानते हैं..

    आयुर्वेद में गिलोय को क्यों कहा जाता है अमृत? आयुर्वेदिक एक्सपर्ट से जानते हैं..

    Featured Image

    आयुर्वेद में गिलोय को ‘अमृत’ या ‘अमृता’ की संज्ञा दी गई है। इसका शाब्दिक अर्थ ऐसी वनस्पति से है, जिसे जीवन और स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद माना जाता है। बदलते मौसम में गिलोय का सेवन भारतीय घरों में लंबे समय से लोकप्रिय रहा है। लेकिन आयुर्वेद में इसे इतना महत्वपूर्ण स्थान क्यों दिया गया है और सेहत के लिए इसका सही इस्तेमाल किस तरह किया जाना चाहिए? क्या गिलोय का अधिक सेवन नुकसान भी पहुंचा सकता है? ऐसे कई सवाल अक्सर लोगों के मन में आते हैं। आयुर्वेदिक एक्सपर्ट डॉ. सलीम जैदी से जानते हैं कि आखिर गिलोय में ऐसे कौन से गुण हैं, जिनकी वजह से आयुर्वेद में इसे ‘अमृता’ कहा गया है।

    गिलोय को क्यों कहा जाता है ‘अमृता’?

    आयुर्वेद में गिलोय को ‘अमृता’ कहा जाता है। संस्कृत में ‘अमृता’ का अर्थ अमरता या अमृत के समान माना जाता है। गिलोय का वानस्पतिक नाम Tinospora cordifolia है और आयुर्वेद में इसे लंबे समय से एक औषधीय वनस्पति के रूप में इस्तेमाल किया जाता रहा है। इसे ‘अमृता’ नाम इसलिए दिया गया क्योंकि पारंपरिक रूप से इसे स्वास्थ्य और इम्यूनिटी को बनाए रखने में सहायक माना गया है। हालांकि, ‘अमृता’ नाम का अर्थ यह नहीं है कि गिलोय किसी बीमारी का इलाज करता है या जीवन को अमर बनाता है। मौसम बदलने के दौरान सर्दी-जुकाम, संक्रमण और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में गिलोय का सेवन भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धति में काफी लोकप्रिय रहा है।

    गिलोय के फायदे बनाते है इसे अमृत

    इम्यूनिटी को सपोर्ट करने में करता है मदद

    गिलोय का इस्तेमाल आयुर्वेद में लंबे समय से इम्यूनिटी को सपोर्ट करने के लिए किया जाता रहा है। इसमें कई ऐसे बायोएक्टिव कंपाउंड पाए जाते हैं, जिनमें एंटीऑक्सीडेंट गुण बताए गए हैं। ये शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाव में भूमिका निभा सकता हैं। बदलते मौसम में गिलोय का काढ़ा या उसकी चाय बनाकर पीने से मौसमी बीमारियों से बचाव होता है।

    वजन घटाने में है मदद

    गिलोय को वजन कम करने वाली औषधि के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। आयुर्वेद में माना जाता है इसका सेवन करने से वजन कंट्रोल रहता है। वजन मैनेजमेंट के लिए संतुलित डाइट, नियमित शारीरिक गतिविधि और पर्याप्त नींद के साथ गिलोय का सेवन करें आपको जल्दी असर दिखेगा।

    ब्लड शुगर कर सकता है कंट्रोल

    गिलोय का इस्तेमाल पारंपरिक चिकित्सा में ब्लड शुगर से जुड़ी समस्याओं में किया जाता रहा है। कई रिसर्च में ये बात साबित हो चुकी है कि गिलोय का सेवन ब्लड शुगर के स्तर को कंट्रोल करने में मदद करता है। लेकिन इसे डायबिटीज की दवाओं का विकल्प नहीं माना जा सकता। डायबिटीज की दवा लेने वाले लोगों को गिलोय का सेवन डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं करना चाहिए, क्योंकि ब्लड शुगर बहुत कम होने का जोखिम हो सकता है।

    पाचन तंत्र को करता है सपोर्ट

    गिलोय का इस्तेमाल आयुर्वेद में पाचन से जुड़ी परेशानियों के लिए भी किया जाता है। पारंपरिक रूप से इसे भूख न लगने, अपच और कब्ज जैसी समस्याओं में इस्तेमाल किया जाता रहा है। लगातार कब्ज, पेट दर्द या पाचन संबंधी समस्या होने पर केवल गिलोय पर निर्भर रहने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।

    मानसिक स्थिति में कर सकता है सुधार

    आयुर्वेद में गिलोय को तनाव कम करने और मानसिक स्वास्थ्य को सपोर्ट करने वाली जड़ी-बूटी के रूप में भी बताया जाता है। कुछ शुरुआती शोध में इसके न्यूरोप्रोटेक्टिव और तनाव से जुड़े संभावित प्रभावों का अध्ययन किया गया है। तनाव को कम करने के लिए आप गिलोय की चाय या काढ़ा बनाकर उसका सेवन कर सकते हैं।

    गिलोय के हो सकते हैं साइड इफेक्ट भी

    गिलोय को हर व्यक्ति के लिए पूरी तरह सुरक्षित मानना सही नहीं है। कुछ लोगों में इसके सेवन से पेट से जुड़ी परेशानी, मतली, उल्टी या दस्त जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसके अलावा, गिलोय का इम्यून सिस्टम पर प्रभाव पड़ सकता है और कुछ मामलों में लिवर को नुकसान से भी इसका संबंध पाया गया है। इसलिए इसे लंबे समय तक या अधिक मात्रा में बिना डॉक्टर या आयुर्वेदिक एक्सपर्ट की सलाह के नहीं लेना चाहिए।

    डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य स्वास्थ्य जानकारी के उद्देश्य से है। गिलोय के औषधीय गुणों से जुड़े दावे मुख्य रूप से पारंपरिक उपयोग और उपलब्ध शोध पर आधारित हैं। इसे किसी बीमारी के इलाज या डॉक्टर द्वारा बताई गई दवा का विकल्प न मानें। गिलोय का सेवन करने से पहले, खासकर यदि आप किसी बीमारी से पीड़ित हैं, नियमित दवाएं लेते हैं, गर्भवती हैं या स्तनपान करा रही हैं, तो डॉक्टर या योग्य आयुर्वेदिक विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।

  • जन्माष्टमी पर मंदिर को दें अलग लुक, फूलों से लेकर मटकी तक इन तरीकों से कर सकते हैं सजावट.

    जन्माष्टमी पर मंदिर को दें अलग लुक, फूलों से लेकर मटकी तक इन तरीकों से कर सकते हैं सजावट.

    Featured Image

    भगवान श्री कृष्ण के जन्म का उत्सव मनाने के लिए देशभर में जन्माष्टमी का त्योहार मनाया जाता है। इस साल यह पर्व 4 सितंबर को मनाया जा रहा है। जिसमें कुछ ही दिन बचे हुए हैं। ऐसे में घरों में पहले से मंदिर की साफ-सफाई और सजावट की तैयारियां शुरू हो जाती हैं। भगवान श्री कृष्ण का झूला, मुकुट, कपड़े, ज्वेलरी, बांसुरी और उनसे जुड़ी सभी चीजों को खरीदा जाता है। मंदिर में उनकी मूर्ति रखी जाती है और रात को पूजा करके उनके जन्म का जश्न मनाया जाता है। इस दौरान मंदिर को भी खूबसूरत तरीके से सजाया जाता है। इसके लिए फूल, पर्दे, मटकी और अन्य चीजों से डेकोरेशन किया जाता है।

    अगर आप इस बार जन्माष्टमी की तैयारियों में कुछ अलग करना चाहते हैं, तो मंदिर की सजावट को खास बना सकते हैं। इसके लिए थीम बेस्ड डेकोरेशन की जा सकती है। आइए जानते हैं मंदिर को जन्माष्टमी के दौरान किन-किन तरीकों से सजाया जा सकता है।

    भगवान कृष्ण से जुड़ी चीजों को मंदिर की सजावट में इस्तेमाल किया जा सकता है। अगर आपका मंदिर छोटा है, तो थीम बेस्ड डेकोरेशन कर सकते हैं। इसके लिए मोर से जुड़ी चीजों से मंदिर को सजाया जा सकता है। लड्डू गोपाल का पालना बीच में रखें और उसके साइड में दीया रखें। आगे पूजा की थाली और प्रसाद से चीजों को डेकोरेट करें। अब दीवार को सजाने के लिए नीले रंग का पर्दा लगाएं। साथ में मोरपंख से आसपास की जगह को डेकोरेट करें। इस तरह जन्माष्टमी को यादगार बनाया जा सकता है।

    फूलों की सजावट

    मंदिर को सजाने के लिए सफेद फूलों और पेस्टल कलर के पर्दों का इस्तेमाल किया जा सकता है। भगवान श्री कृष्ण की मूर्ति रखने के लिए बीच में जगह बनाएं और सुंदर की गद्दी को रखें। गद्दी या सिंहासन के पीछे सफेद पर्दा लगा दें। चौकी के आसपास दीया, फूल, रोली, प्रसाद और बाकी चीजों को रखें। साइड से सजावट के लिए फूलों की लड़ी लगाएं। इसके साथ ही लाइटों से आसपास की जगह को डेकोरेट करें। मंदिर जाने वाले रास्ते पर पैरों के निशान बनाए जा सकते हैं या फूलों से रास्ता बनाया जा सकता है।

    बांसुरी और मटकी सेटअप

    जन्माष्टमी पर सिंपल डेकोरेशन करना चाहते हैं, तो बांसुरी और मटके से मंदिर को सजाया जा सकता है। भगवान की मूर्ति के पास मटकी को सजाकर उसके अंदर मक्खन रख सकते हैं। साथ ही इसके ऊपर बांसुरी को रखें। आसपास लाइटों से सजावट करें और पूजा की सारी सामग्री रखें।

    माना जाता है कि रात को 12 बजे भगवान कृष्ण का जन्म हुआ था। जन्माष्टमी पर मंदिर को सजाने के लिए इसी थीम को अपनाकर डेकोरेशन किया जा सकता है। फूलों, दीयों और पर्दों से सजावट करके मंदिर को खूबसूरत लुक दिया जा सकता है। बीच में झूले की जगह आप पालना रख सकते हैं, जिसे भगवान के जन्म दृश्य रिक्रिएट हो सके।

    भगवान कृष्ण गोकुल में रहकर गाय चराया करते थे। इससे जुड़ी थीम इस बार जन्माष्टमी पर मंदिर की डेकोरेशन का हिस्सा बन सकती है। इसके लिए आसपास छोटी झौपड़ी रखें। साथ में गाय और पेड़-पौधों से सजावट करें। बीच में भगवान कृष्ण का झूला रखें। डेकोरेशन को आकर्षक बनाने के लिए मंदिर में लाइटें लगाएं।

  • गोल नहीं, चौकोर पॉटी करता है ये जीव! जानिए वॉम्बैट के इस अनोखे राज का सच.

    गोल नहीं, चौकोर पॉटी करता है ये जीव! जानिए वॉम्बैट के इस अनोखे राज का सच.

    दुनिया में ऐसे कई जीव हैं जिनकी खासियतें इंसानों को हैरान कर देती हैं। कोई आसमान में उड़ सकता है, कोई पानी में घंटों रह सकता है तो कोई जमीन के अंदर लंबी सुरंग बना लेता है। लेकिन ऑस्ट्रेलिया में पाया जाने वाला एक जीव ऐसा है जिसकी पहचान ही उसकी बेहद अनोखी पॉटी से होती है। वॉम्बैट दुनिया का एकमात्र ज्ञात स्तनधारी है जो क्यूब यानी चौकोर आकार की पॉटी करता है।

    पहली बार सुनने पर यह बात किसी मजाक जैसी लग सकती है, लेकिन वैज्ञानिकों ने रिसर्च के जरिए इसके पीछे छिपा पूरा रहस्य समझ लिया है।

    भालू जैसा दिखता है वॉम्बैट

    वॉम्बैट ऑस्ट्रेलिया का मूल निवासी एक मार्सूपियल जीव है। इसका शरीर मजबूत और पैर छोटे होते हैं। देखने में यह छोटे भालू या बैजर जैसा दिखाई देता है। इसके पंजे बेहद ताकतवर होते हैं, जिनकी मदद से यह जमीन के अंदर बिल बनाता है।

    यह शाकाहारी जानवर है और मुख्य रूप से घास, जड़ें, छाल और दूसरी वनस्पतियां खाता है। वॉम्बैट ज्यादातर रात में सक्रिय रहता है और दिन का काफी समय अपने बिल में आराम करते हुए बिताता है।

    लेकिन इसकी सबसे दिलचस्प बात इसका खाना या रहन-सहन नहीं, बल्कि उसका पाचन तंत्र है।

    आखिर चौकोर कैसे बनती है पॉटी?

    आमतौर पर जानवरों का मल गोल या बेलनाकार आकार का होता है। इसकी वजह यह है कि आंतों की मांसपेशियां एक खास तरीके से सिकुड़ती हैं। फिर वॉम्बैट की पॉटी चौकोर कैसे हो जाती है?

    वैज्ञानिकों ने इस सवाल का जवाब खोजने के लिए वॉम्बैट की आंतों का अध्ययन किया। रिसर्च से पता चला कि इसकी आंत का आखिरी हिस्सा बाकी हिस्सों से अलग तरीके से काम करता है।

    वॉम्बैट की आंत में कुछ हिस्से ज्यादा सख्त होते हैं, जबकि कुछ हिस्से अपेक्षाकृत लचीले होते हैं। जब आंतों की मांसपेशियां सिकुड़ती हैं तो इन अलग-अलग हिस्सों पर दबाव भी अलग पड़ता है। इसी असमान दबाव के कारण मल धीरे-धीरे अपने कोनों वाला आकार लेने लगता है और आखिर में क्यूब जैसा बन जाता है।

    यानी चौकोर पॉटी बनने का राज मलद्वार में नहीं, बल्कि आंतों की बनावट में छिपा है।

    पहले लोग समझते थे कुछ और

    वॉम्बैट की चौकोर पॉटी को लेकर लंबे समय तक अलग-अलग तरह के अनुमान लगाए जाते रहे। कुछ लोगों का मानना था कि शायद इसका मलद्वार ही चौकोर आकार का होता होगा।

    लेकिन वैज्ञानिक अध्ययन ने इस धारणा को गलत साबित कर दिया। वॉम्बैट का मलद्वार सामान्य रूप से गोल होता है। चौकोर आकार आंत के अंदर ही बनता है और फिर वही क्यूब बाहर निकलता है।

    वैज्ञानिकों ने आंतों की संरचना का अध्ययन करके पाया कि अलग-अलग हिस्सों की लोच और संकुचन की गति में अंतर इस अनोखे आकार के पीछे बड़ी वजह है।

    सूखा मल भी है एक खास वजह

    वॉम्बैट का पाचन तंत्र उसके जीवनशैली के हिसाब से बेहद खास है। इसकी आंतें भोजन से काफी मात्रा में पानी सोख लेती हैं, जिसके कारण इसका मल बेहद सूखा और सख्त हो जाता है।

    इसके बाद आंत के अंतिम हिस्से में होने वाले असमान संकुचन मल को क्यूब के आकार में ढाल देते हैं।

    इस पूरी प्रक्रिया को देखकर वैज्ञानिक भी हैरान हुए, क्योंकि प्रकृति ने एक ही जीव के शरीर में ऐसी व्यवस्था विकसित कर दी है जो उसके मल को बाकी स्तनधारियों से बिल्कुल अलग आकार देती है।

    चौकोर पॉटी का फायदा क्या है?

    वॉम्बैट अक्सर अपनी पॉटी को चट्टानों, लकड़ियों या दूसरी ऊंची जगहों के आसपास छोड़ता है। वैज्ञानिकों का मानना है कि क्यूब आकार होने के कारण ये छोटे-छोटे टुकड़े आसानी से लुढ़कते नहीं हैं।

    वॉम्बैट इन्हें अपने इलाके की सीमा चिन्हित करने के लिए इस्तेमाल करता है। इस तरह चौकोर आकार उसके लिए सिर्फ एक अजीब प्राकृतिक घटना नहीं, बल्कि व्यवहारिक फायदा भी दे सकता है।

    प्रकृति में ऐसी अनोखी व्यवस्थाएं अक्सर जीवों के रहने और अपने आसपास के माहौल के साथ तालमेल बैठाने से जुड़ी होती हैं।

    प्रकृति का अनोखा कमाल

    वॉम्बैट की चौकोर पॉटी भले ही सुनने में मजेदार लगे, लेकिन इसके पीछे छिपी जैविक प्रक्रिया वैज्ञानिकों के लिए काफी दिलचस्प है। इसकी आंतों की अलग-अलग लोच और मांसपेशियों के असमान संकुचन मिलकर ऐसा आकार बनाते हैं, जिसकी कल्पना शायद किसी इंसान ने कभी नहीं की होगी।

    यही वजह है कि वॉम्बैट को प्रकृति के सबसे अनोखे जीवों में गिना जाता है।

    एक गोल रास्ते से चौकोर चीज बाहर निकल सकती है—वॉम्बैट का शरीर इसका हैरान कर देने वाला उदाहरण है।

     

     
  • पत्ते तो कई बार देखे होंगे, कभी देखा है पान का फूल..?

    पत्ते तो कई बार देखे होंगे, कभी देखा है पान का फूल..?

    Featured Image

    पान के पत्ते भारत की संस्कृति का अभिन्न अंग हैं. शादी-ब्याह, पूजा-पाठ, मेहमानवाजी या रोजमर्रा के पान-सुपारी के शौक में पान के पत्ते हर जगह नजर आते हैं. लोग इन्हें चाव से खाते हैं और इनसे कई आयुर्वेदिक औषधियां भी बनाई जाती हैं. लेकिन क्या आपने कभी पान का फूल देखा है? ज्यादातर लोगों का जवाब होगा नहीं.

    हाल ही में सोशल मीडिया पर एक महिला ने पान की बेल पर लगे फूलों की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए तो लोग हैरान रह गए. कई कमेंट्स में लिखा गया कि सालों से पान के पत्ते देख रहे हैं लेकिन फूल पहली बार देखा. वास्तव में पान का पौधा (वैज्ञानिक नाम पाइपर बेटल) एक बेलनुमा पौधा है जो पिपरेसी परिवार से आता है. यह मुख्य रूप से पत्तियों के लिए उगाया जाता है. इसकी पत्तियां दिल के आकार की, चमकदार हरी और सुगंधित होती हैं. लेकिन यह पौधा फूल भी देता है.

    विरले हैं ये फूल
    पान के फूल छोटे होते हैं और स्पाइक या कैटकिन के रूप में लगते हैं. नर और मादा फूल अलग-अलग पौधों पर होते हैं. ये फूल आमतौर पर सफेद या हरे रंग के होते हैं और बहुत आकर्षक नहीं लगते, इसलिए लोग इन्हें नोटिस भी नहीं करते. खेती में पान के पौधों को अक्सर कटिंग से लगाया जाता है और हर कुछ साल बाद नए पौधे लगा दिए जाते हैं. इसलिए ज्यादातर व्यावसायिक बेलों पर फूल आने का मौका ही नहीं मिलता. विशेषज्ञों के अनुसार पौधों को फूल आने में 8 से 10 साल तक का समय लग सकता है. घरों में गमलों में या लंबे समय तक एक ही बेल रखने वाले लोग ही कभी-कभी इन फूलों को देख पाते हैं. इसलिए इन्हें दुर्लभ माना जाता है और “सालों की तपस्या” के बाद खिलने वाला कहा जाता है.

    नहीं होते काम के
    पान के फूलों का व्यावसायिक या औषधीय उपयोग लगभग ना के बराबर है. पूरा फोकस पत्तियों पर रहता है क्योंकि वे ही खाई जाती हैं और बेची जाती हैं. भारत में पान की कई किस्में प्रचलित हैं जैसे बनारसी, मैगही, बंगला, कापूरी आदि. हर किस्म का स्वाद, सुगंध और आकार अलग होता है. पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर राज्यों में पान की खेती बड़े पैमाने पर होती है. आयुर्वेद में पान के पत्तों को कई गुणों वाला माना जाता है. ये पाचन सुधारने, मुंह की दुर्गंध दूर करने, एंटीसेप्टिक और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों के लिए जाने जाते हैं. हालांकि तंबाकू या जर्दा के साथ पान खाने के नुकसान भी बताए जाते हैं. शुद्ध पान के पत्ते कई लोगों के लिए फायदेमंद माने जाते हैं.सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद लोग अपने अनुभव साझा कर रहे हैं. कुछ ने बताया कि उनके घर की पुरानी बेल पर कभी फूल आए थे. कुछ बागवानी प्रेमी अब जानबूझकर पौधे को लंबे समय तक रखना चाहते हैं ताकि फूल देख सकें.